नेपाल में गोली चलाने का आदेश देने वाले डीएसपी को प्रदर्शनकारियों ने मार डाला, पूर्व पीएम झलनाथ खनाल की पत्नी की भी गई जान

Update: 2025-09-09 12:56 GMT

नई दिल्ली। नेपाल से बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, काठमांडू में प्रदर्शन के दौरान गोली चलाने का आदेश देने वाले डीएसपी को प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने मार डाला। वहीं नेपाल के पूर्व पीएम झलनाथ खनाल की पत्नी राजलक्ष्मी चित्रकार की मौत हो गई है। प्रदर्शनकारियों ने बुरी तरह से पिटाई कर उनके घर में आगजनी की थी। इस घटना में वह बुरी तरह से झुलस गई थीं।

बता दें कि राजलक्ष्मी का पारिवारिक पृष्ठभूमि नेवार समाज से जुड़ा है, जो नेपाल का एक प्रमुख समुदाय है। उन्हें अक्सर झलनाथ खनाल के साथ अलग-अलग आयोजनों और सामाजिक कार्यों में देखा जाता रहा है।

बलेंद्र शाह ने की यह अपील

वहीं नेपाल की सेना ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि Gen-Z आंदोलन के दौरान लोगों की जान गई और बहुत नुकसान हुआ, इस पर हमें दुख है। हम देश की रक्षा, एकता और लोगों की सुरक्षा के लिए हमेशा तैयार हैं। सेना घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करती है। सेना ने लोगों से अपील की है कि वे इस तनावपूर्ण स्थिति में ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय चीजों की रक्षा करें और शांति बनाए रखें। हालांकि काठमांडू के मेयर और प्रदर्शनों के नेता माने जाने वाले बलेंद्र शाह ने अपने फेसबुक से जेन-Z से शांति बनाए रखने और अपने घर लौटने की अपील की है। उन्होंने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि Gen-Z देश आपके हाथों में है। आप ही इसे बनाएंगे। अब आप घर लौट जाएं।

हालात पर काबू लाने के लिए हर संभव किए जा रहे हैं प्रयास

बता दें कि नेपाल में युवाओं के आंदोलन ने सरकार के सर्वोच्च नेताओं को भी इस्तीफा देने को मजबूर कर दिया। हालात पर काबू पाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। भारत भी नेपाल की स्थिति पर करीब से नजर बनाए हुए हैं। लखीमपुर खीरी में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। सशस्त्र सीमा बल ने स्निफर डॉग तैनात किए हैं।

Tags:    

Similar News