Ram Rahim: बलात्कार और हत्या में दोषी मामले में गुरमीत राम रहीम को 40 दिन की पैरोल, 8 महीने के अंदर तीसरी बार जेल से आ रहा है बाहर
कहा जा रहा है कि राम रहीम की यह रिहाई उनके जन्मदिन को लेकर दी गई है। 15 अगस्त को उनका जन्मदिन है;
नई दिल्ली। डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह एक बार फिर जेल से बाहर आ गए हैं। उन्हें हरियाणा की रोहतक जेल से पैरोल पर रिहा किया गया है। इसमें खास बात है कि इस साल 8 महीने के अंदर राम रहीम तीसरी बार जेल से बाहर आए हैं। इस बार पैरोल पर वह डेरा के सिरसा आश्रम में ही रहेगा। बता दें कि राम रहीम बलात्कार और हत्या के मामले में दोषी है।
राम रहीम अपने सिरसा डेरा में रहेगा
बता दें कि सुनारिया जेल से 40 दिन की पैरोल पर बाहर आया राम रहीम अपने सिरसा डेरा में रहेगा। वह जनवरी से इस बार तीसरी बार जेल से बाहर आए हैं। इससे पहले डेरा प्रमुख को उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में स्थित शाह सतनाम आश्रम, बरनावा में रहने की इजाजत दी जाती थी। उन्हें सिरसा जाने की अनुमति नहीं थी। यह पहली बार है जब सजायाफ्ता राम रहीम को सिरसा के डेरा सच्चा सौदा आश्रम में रहने की अनुमति मिली है।
राम रहीम को सिर्फ तीन महीने पहले मिली थी पैरोल
दरअसल, राम रहीम को 2017 में सजा मिलने के बाद से 14वीं बार रिहा हुए हैं। पिछली बार राम रहीम को पैरोल सिर्फ तीन महीने पहले मिली थी। इस बार हरियाणा सरकार ने उन्हें 40 दिनों की पैरोल दी है। कहा जा रहा है कि राम रहीम की यह रिहाई उनके जन्मदिन को लेकर दी गई है। 15 अगस्त को उनका जन्मदिन है। इससे पहले भी वह अपने जन्मदिन पर जेल से बाहर ही थे। उन्होंने हनीप्रीत सिंह के साथ केक काटा था। उसके वीडियो और तस्वीरें भी वायरल हुए थे।