‘सम्राट गो-बैक’ ...छात्रों ने नीतीश के सामने जमकर लगाए नारे, पटना यूनिवर्सिटी में हंगामा, जानें पूरा मामला

विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि पटना यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया गया

By :  Aryan
Update: 2026-03-30 12:02 GMT

पटना। आज यानी सोमवार को पटना यूनिवर्सिटी में सीएम नीतीश कुमार के कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हुआ। दरअसल सीएम नए प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन के उद्घाटन के लिए पहुंचे थे, उनके साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा और शिक्षा मंत्री सुनील कुमार मौजूद थे। लेकिन उनके पहुंचते ही परिसर में ‘सम्राट गो-बैक’ के नारे गूंजने लगे, जिससे अचानक से माहौल तनावपूर्ण हो गया। इस दौरान छात्रों ने सम्राट चौधरी का जमकर विरोध किया, तो वहीं नीतीश कुमार जिंदाबाद का नारा लगाया।

भीड़ को काबू में करने के लिए अतिरिक्त फोर्स लगाया गया

इस दौरान भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त फोर्स लगाया गया। इस मौके पर पटना के एसएसपी कार्तिकेय के शर्मा, जिलाधिकारी त्यागराजन एसएम के साथ तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। भीड़ को देखते हुए आनन-फानन में उद्घाटन का कार्यक्रम किया गया। इसके बाद ये सभी नेता जल्दी से निकल गए।

हंगामे की वजह

पटना विश्विविद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर ने कहा कि इस कार्यक्रम के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई थी। यहां तक कि कुलपति को भी निमंत्रण नहीं दिया गया था। छात्रों ने कहा कि वीसी को सीएम से मिलने भी नहीं दिया गया। वीसी अजय कुमार सिंह ने भी कि यह सब इतने शॉर्ट नोटिस पर हुआ कि पता नहीं चला।

ताला लेकर पहुंचे थे

प्रदर्शन के दौरान छात्र संघ के अध्यक्ष शांतनु शेखर हाथ में ताला लेकर भवन में ताला लगाने पहुंचे थे। हालांकि पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। इस दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

147.29 करोड़ के आधुनिक भवन का उद्घाटन

दूसरी ओर विजय कुमार सिन्हा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि पटना यूनिवर्सिटी में प्रशासनिक एवं शैक्षणिक भवन का उद्घाटन किया गया। जिसकी लागत करीब 147.29 करोड़ रुपये है। यह आधुनिक भवन विश्वविद्यालय की शैक्षणिक और प्रशासनिक व्यवस्था को नई दिशा देगा।


Tags:    

Similar News