स्पेन ने ट्रंप को दिया झटका! ईरान पर हमला करने वाले विमानों के लिए बंद किया अपना एयर-स्पेस...
इस प्रतिबंध के कारण पश्चिम एशिया में लक्ष्यों की ओर यात्रा करने वाले सैन्य विमानों को नाटो सदस्य स्पेन से होकर गुजरने के बजाय वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा
नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी जंग के बीच स्पेन ने अपने एक फैसले से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को बड़ा झटका दे दिया है। दरअसल स्पेन ने आज यानी सोमवार को ईरान पर हमलों में शामिल अमेरिकी विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, वह पहले से ही संयुक्त रूप से संचालित अमेरिकी सैन्य अड्डों के इस्तेमाल करने को लेकर मना कर चुका है।
रक्षा मंत्री ने की घोषणा
स्पेन की रक्षा मंत्री मार्गारीटा रोबल्स ने आज मतलब सोमवार को कहा कि हम ईरान के साथ युद्ध से संबंधित किसी भी कार्रवाई के लिए न तो सैन्य अड्डों के इस्तेमाल की अनुमति देते हैं और न ही हवाई क्षेत्र के उपयोग की।
आपातकालीन स्थितियों में यह नियम नहीं होगा लागू
जानकारी के अनुसार, इस प्रतिबंध के कारण पश्चिम एशिया में लक्ष्यों की ओर यात्रा करने वाले सैन्य विमानों को नाटो सदस्य स्पेन से होकर गुजरने के बजाय वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ेगा। हालांकि, आपातकालीन स्थितियों में हवाई क्षेत्र बंद करने का यह नियम लागू नहीं होगा।
यह निर्णय संघर्ष के प्रति स्पेनिश सरकार के व्यापक रुख को करता प्रदर्शित
वहीं, स्पेन के वित्त मंत्री कार्लोस कुएर्पो ने कहा कि यह निर्णय संघर्ष के प्रति स्पेनिश सरकार के व्यापक रुख को दर्शाता है। उन्होंने रेडियो कैडेना सेर को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि यह फैसला स्पेन की सरकार द्वारा पहले से लिए गए उस निर्णय का हिस्सा है कि वह ऐसे युद्ध में भाग नहीं लेगी या योगदान नहीं देगी। जो युद्ध एकतरफा और अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ शुरू किया गया था।
ट्रंप ने जताई थी नाराजगी
गौरतलब है स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ईरान पर अमेरिकी और इस्राइली हमलों के सबसे मुखर आलोचकों में से रहे हैं, जिन्होंने इसे लापरवाह और अवैध करार दिया है। इसके चलते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संभावित आर्थिक परिणामों की चेतावनी दी थी। ट्रंप पीएम पेड्रो सांचेज से नाराज हो गए थे, जिन्होंने पहले स्पेन पर पूर्ण व्यापार प्रतिबंध लगाने की धमकी दी थी।