टी 20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान को रौंदकर इंग्लैंड ने सेमीफाइनल में बनाई जगह, अफरीदी पर भारी पड़े ब्रूक
नई दिल्ली। टी 20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को 2 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है। साथ ही ये लगातार पांचवीं बार है जब इंग्लैंड ने टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जगह बनाई है, जो अपने आप में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड बन गया है। दूसरी ओर पाक टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कप्तान हैरी ब्रूक ने इंग्लैंड के लिए विजयी शतक लगा कर अपनी टीम को अंतिम-4 में पहुंचाया। पल्लेकेले में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 164 रन बनाए थे।
सेमीफाइनल में जाने वाली इंग्लैंड पहली टीम बनी
हालांकि जवाब में इंग्लैंड ने अंतिम ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया।शाहीन अफरीदी ने मैच में 4 विकेट लिए, लेकिन उनकी मेहनत बेकार चली गई। वहीं टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में जाने वाली इंग्लैंड पहली टीम बन गई है। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने आई इंग्लैंड ने पारी की पहली ही गेंद पर फिल साल्ट का विकेट खो दिया था। पावरप्ले खत्म होने से पहले ही जोस बटलर और जैकब बैथेल भी अपना विकेट खो चुके थे। इंग्लैंड की जीत की उम्मीद तब कम होने लगीं जब टॉम बैन्टन भी केवल 2 रन बनाकर आउट हो गए।
अफरीदी पर भारी ब्रूक
शाहीन अफरीदी ने गेंदबाजी में 4 ओवरों में केवल 30 रन देकर 4 विकेट लिए, लेकिन उनके इस शानदार प्रदर्शन पर हैरी ब्रूक का शतक भारी पड़ा। हैरी ब्रूक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में शतक लगाने वाले सबसे पहले कप्तान बन गए हैं। ब्रूक ने 50 गेंदों में अपना शतक पूरा कर लिया था, लेकिन अगली ही गेंद पर शाहीन अफरीदी ने उन्हें क्लीन बोल्ड कर दिया। मगर तब तक ब्रूक अपना काम कर चुके थे। जब बड़े-बड़े धुरंधर फेल हो गए, तब कप्तान हैरी ब्रूक ने कमान संभाली।