सुप्रीम कोर्ट हमारा ईश्वर... FIR को लेकर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने दिया बयान! कहा- CCTV फुटेज की जांच हो
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के समर्थन में फलाहारी महाराज उतरे हैं, उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखकर सीबीई जांच की मांग की है...
प्रयागराज। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ बच्चों के यौन शोषण के मामले में अदालत के आदेश पर प्रयागराज के झूंसी थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। झूंसी थाने में दर्ज किए गए मुकदमे में शंकराचार्य के शिष्य मुकुंदानंद का भी नाम है। यह केस पॉक्सो एक्ट में दर्ज किया गया है। इस कड़ी में शंकराचार्य ने बयान दिया है। वहीं, उनके समर्थन में फलाहारी महाराज उतरे हैं, उन्होंने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने शंकराचार्य के खिलाफ लगाए आरोपों पर CBI जांच की मांग की गुहार लगाई है।
सीसीटीवी निकलवाकर फुटेज की जांच की जाए
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि CCTV का फुटेज निकलवाया जाए। उनके यहां सब रिकॉर्ड होगा। पुलिस ने जो जबरदस्ती की है, उसके बाद हम शिविर में प्रवेश नहीं किए। आप लोगों का कैमरा भी हमारे ऊपर लगा हुआ था। यह केवल भ्रम फैलाया जा रहा है कि गुरुकुल में ऐसा हो रहा है, वे बच्चे हमारे गुरुकुल में कभी नहीं आए हैं। सनातन धर्म को नष्ट करने के लिए कुछ लोग चोला पहनकर आ गए हैं। वो शिद्दत से अपना काम करने में लग गए हैं।
सुप्रीम कोर्ट ईश्वर है लेकिन हम गलत नहीं हैं
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि निचली अदालत जनता है। जनता निर्णय देने वाली है, मिडिल कोर्ट हमारा हृदय है। हम जान रहे हैं कि हम गलत हैं या नहीं हैं। सुप्रीम कोर्ट ईश्वर है, ईश्वर देख रहे हैं कि कौन गलत है अथवा नहीं है। हमारा अंतःकरण साफ है, जो झूठ है वो पता चल ही जाएगा। जो कहानी गढ़ी गई है, वो आज नहीं तो कल झूठ का पता चल ही जाएगा।
गोली मार दो लेकिन इतना घटिया आरोप मत लगाओ
शंकराचार्य के साथ उनके शिष्य मुकुंदानंद पर भी FIR दर्ज हुई है। इन आरोपों पर शंकराचार्य के शिष्य मुकुंदानंद ने कहा कि गोली मार दो लेकिन ऐसा घटिया आरोप मत लगाओ।
फलाहरी महाराज ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
फलाहारी महाराज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों की CBI जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि शामली का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर आशुतोष पांडेय उर्फ आशुतोष ब्रह्मचारी ने शंकराचार्य को झूठे POCSO मुकदमे में फंसाने की साजिश रची है।