10वीं व 12वीं यूपी बोर्ड की परीक्षाएं आज से, चेकिंग के बाद स्कूल में प्रवेश की अनुमति मिली
अति संवेदनशील केन्द्रों का दिन में दो बार निरीक्षण सुनिश्चित किया गया है।
लखनऊ। 10वीं व 12वीं यूपी बोर्ड के छात्र आज से परीक्षा देंगे। एग्जाम से पहले चेकिंग के बाद स्कूल में प्रवेश की अनुमति मिली। छात्रों के एग्जाम के लिए यूपी के अलग-अलग जिलों में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए। 18 जनपद संवेदनशील, राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से निगरानी हो रही है। छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए स्कूलों में उन पर पुष्प वर्षा की गई। कुछ स्कूलों में तिलक भी लगाए।
53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं
यूपी बोर्ड की 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं में इस वर्ष कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। जिनमें हाईस्कूल के 27,61,696 और इंटरमीडिएट के 25,76,082 छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
परीक्षार्थियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया
परीक्षार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए लखनऊ के काली चरण इंटर कॉलेज में उनपर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। इसके बाद चेंकिंग कर उन्हें इंट्री दी गई। परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड लेकर जाना अनिवार्य है। किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या स्मार्ट वॉच पर लाने पर प्रतिबंध है।
लखनऊ में जुबिली इंटर कॉलेज में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया। डीआईओएस राकेश कुमार ने बताया यहां पर्याप्त संख्या में कंप्यूटर और स्टॉफ लगाए गए हैं। छात्रों को किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत समाधान किया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी परीक्षा
8000 से अधिक कैमरे और 4000 से अधिक कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। सीतापुर जिले में 146 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल में हिंदी का प्रश्न पत्र है। इसमें करीब 51 हजार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। 6 सचल दल परीक्षा केंद्रों की ओर रवाना हो गए हैं। नकल विहीन परीक्षा कराने के लिए जिले को 7 जोन व 12 सेक्टर में बांटा गया है। विद्यार्थियों को टीका लगाकर अंदर प्रवेश दिया गया। परीक्षाओं को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रदेश में कुल 8033 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त और 3984 स्ववित्त पोषित विद्यालय शामिल हैं। माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने परीक्षा से पूर्व मंगलवार को शिक्षा निदेशक (माध्यमिक), लखनऊ शिविर कार्यालय में स्थापित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम का उद्घाटन किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप इस वर्ष परीक्षा व्यवस्था को पूरी तरह तकनीक आधारित और पारदर्शी बनाया गया है। 18 जनपदों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जबकि 222 परीक्षा केन्द्रों को अति संवेदनशील और 683 को संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है।