बिहार कैबिनेट में 88% मंत्री करोड़पति, रमा निषाद सबसे अमीर और संजय पासवान सबसे गरीब

रिपोर्ट में बताया गया है कि नए मंत्रिमंडल में शामिल 24 मंत्रियों की औसत संपत्ति 5.32 करोड़ रुपये है। इनमें भाजपा के 13 में से 11 मंत्री करोड़पति हैं, जबकि जेडीयू के सभी 8 मंत्री करोड़पति हैं। इसी तरह हम पार्टी और लोजपा-रामविलास के भी मंत्री करोड़पति श्रेणी में आते हैं।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-11-21 21:30 GMT

बिहार की नई सरकार के मंत्रियों की संपत्ति का विश्लेषण सामने आया है, और रिपोर्ट में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और बिहार इलेक्शन वॉच द्वारा जारी ताज़ा रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार की नवगठित कैबिनेट के 88 प्रतिशत मंत्री करोड़पति हैं। यह विश्लेषण 27 में से 24 मंत्रियों के निर्वाचन आयोग में जमा शपथपत्रों के आधार पर किया गया है।

रिपोर्ट में बताया गया है कि नए मंत्रिमंडल में शामिल 24 मंत्रियों की औसत संपत्ति 5.32 करोड़ रुपये है। इनमें भाजपा के 13 में से 11 मंत्री करोड़पति हैं, जबकि जेडीयू के सभी 8 मंत्री करोड़पति हैं। इसी तरह हम पार्टी और लोजपा-रामविलास के भी मंत्री करोड़पति श्रेणी में आते हैं।

सबसे अधिक संपत्ति रखने वाले मंत्री जेडीयू के औराई विधायक रमा निषाद हैं, जिनके पास करीब 31.86 करोड़ रुपये की संपत्ति दर्ज है। वहीं सबसे कम संपत्ति बखरी से भाजपा विधायक संजय कुमार पासवान के पास है, जिनके पास सिर्फ 22.30 लाख रुपये की घोषित संपत्ति है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि 63 प्रतिशत मंत्रियों ने अपनी देनदारियां भी घोषित की हैं। इनमें सबसे अधिक देनदारी लखीसराय विधायक विजय कुमार सिन्हा के नाम है, जिन पर 82.33 लाख रुपये की बकाया राशि दर्ज है।

सिर्फ आर्थिक स्थिति ही नहीं, बल्कि कई मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले भी दर्ज हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 46 प्रतिशत यानी 11 मंत्रियों के खिलाफ आपराधिक मामले और इनमें से 9 मंत्रियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।

उम्र और शिक्षा के आधार पर देखें तो 79 प्रतिशत मंत्री 51 से 80 वर्ष की आयु वर्ग में आते हैं। वहीं 63 प्रतिशत मंत्रियों ने स्नातक या उससे अधिक की शिक्षा प्राप्त की है। नई कैबिनेट में महिलाओं की भागीदारी सिर्फ 11 प्रतिशत है, यानी कुल 27 मंत्रियों में केवल 3 महिलाएं शामिल हैं।

Tags:    

Similar News