दिल्ली में महिला और उसके 3 बच्चों की धारदार हथियार से हत्या, पुलिस को पति पर शक! जानें पूरा मामला

Update: 2026-02-25 06:17 GMT

नई दिल्ली। दिल्ली के समयपुर बादली स्थित चंदन पार्क इलाके में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक घर के अंदर 30 वर्षीय महिला और उसकी तीन मासूम बेटियों (उम्र 3 से 5 वर्ष के बीच) के शव खून से लथपथ मिले हैं। बता दें कि उनकी हत्या धारदार हथियार से गला रेतकर की गई थी। पुलिस को शक है कि महिला के पति ने ही इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस को पति पर शक

यह दर्दनाक घटना समयपुर बादली के चंदन पार्क इलाके की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक घर के अंदर चार लोगों के शव पड़े हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो कमरे का मंजर देखकर दंग रह गई। महिला और उसके तीनों नाबालिग बच्चियों के गले कटे हुए थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था। तीनों बच्चियों की उम्र, 3 साल, 4 साल और 5 साल बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला के पति ने ही कथित तौर पर अपनी पत्नी और बच्चों की बेरहमी से हत्या की और मौके से भाग निकला। आरोपी सब्जी बेचने का काम करता है।

जुटाए जा रहे सबूत

जानकारी के मुताबिक वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, क्राइम टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों को तुरंत मौके पर बुलाया गया। फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर से उंगलियों के निशान और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है ताकि मौत के सटीक समय और तरीके का पता लगाया जा सके।    

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक इस मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फरार आरोपी पति को पकड़ने के लिए दिल्ली पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं। पड़ोसियों और रिश्तेदारों से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह का पता चल सके और फरार आरोपी के संभावित छिपने के ठिकानों का पता चल सके।

Tags:    

Similar News