आलिया भट्ट नहीं झेल पाई थी शानदार की असफलता, पिता महेश भट्ट ने किया यह खुलासा
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट ने साल 2012 में इंडस्ट्री में फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने कई फिल्मों में काम किया। इसमें हाइवे, 2 स्टेट्स, हम्पी शर्मा की दुल्हनिया जैसी हिट रही है। लेकिन साल 2015 में उनकी फिल्म आई 'शानदार' बुरी तरह से पिट गई थी।
वहीं अब आलिया के पिता और लोकप्रिय निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट ने खुलासा किया कि इस फिल्म की असफलता ने आलिया को झकझोर कर रख दिया था।
दरअसल महेश भट्ट ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान फिल्म 'शानदार' की असफलता का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस फिल्म की असफलता का उन पर लंबे समय तक असर रहा। इस फिल्म में आलिया के साथ शाहिद कपूर नजर आए थे।
वहीं महेश भट्ट ने कहा कि आलिया को जब अपनी पहली असफलता का स्वाद चखना पड़ा, जो कि फिल्म 'शानदार' थी तो वह इससे पूरी तरह हिल गई थी। यह फ्लॉप फिल्म क्योंकि कई हिट फिल्मों के बाद उसके हिस्से आई।
अलिया के पिता महेश भट्ट ने आगे कहा कि भले ही वह बाहर से एक सख्त लड़की हो, लेकिन असफलता तो असफलता ही होती है। उन्होंने कहा कि असफलताएं हमें याद दिलाती हैं कि सितारे भी आम इंसान होते हैं, जिन्हें भी दूसरों की तरह असफलताओं का सामना करना पड़ता है'।
हालांकि उन्होंने कहा कि असफलता के साथ आपका भी ऐसा ही रिश्ता होगा। इस इंडस्ट्री में ऐसा कोई भी व्यक्ति नहीं है, जिसने ऐसा कुछ न देखा हो। राज कपूर साहब जैसे महान कलाकारों सहित। महेश भट्ट ने इस बात पर जोर दिया कि चाहे शोहरत हो या रुतबा, हर कलाकार को अपने हिस्से के उतार-चढ़ाव से गुजरना ही पड़ता है।
वहीं इस दौरान महेश भट्ट ने यह भी कहा कि सिनेमा के दिग्गज भी बॉक्स ऑफिस पर असफलताओं से अछूते नहीं रहे। उन्होंने कहा कि ऐसा कुछ आपको याद दिलाता है कि आप भी एक साधारण इंसान हैं। मौत आपके घर में भी होगी।