दिल्ली एयरपोर्ट से IndiGo की सभी 235 उड़ानें रद्द, यात्रियों में मची अफरा-तफरी...जानें और कहां की फ्लाइट्स हैं कैंसिल
कुछ यात्री गुस्से में एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए, इंडिगो बंद करो।;
नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस की संचालन समस्या बढ़ गई है। इस वजह से हवाई यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केवल दिल्ली एयरपोर्ट पर ही बुधवार को 150 से अधिक फ्लाइट रद्द हुईं, जिसके चलते अपनी मंजिल तक जाने के लिए हवाई अड्डे पर आए यात्री वहीं रुकने को मजबूर दिखे। यही हाल गुरुवार को भी रहा इंडिगो ने अपनी फ्लाइट्स रद्द कर दीं, जिसके चलते हवाई अड्डे पर यात्रियों की भीड़ दिखी। राजधानी दिल्ली में हालत और भी खराब हैं, आज भी 235 फ्लाइट्स रद्द हैं। बता दें कि इंडिगो ने देश भर में आज 400 से अधिक फ्लाइट्स कैंसिल कर दी।
दिल्ली में आज 235 फ्लाइट्स रद्द
राजधानी दिल्ली में हालत और भी खराब हैं। आज भी 235 फ्लाइट्स रद्द हैं। जानकारी के मुताबिक, यहां एक दिन में 150 फ्लाइट्स रद्द होने के बाद यात्री टर्मिनल पर ही अपना सामान रखकर सही जानकारी मिलने का इंतजार करने लगे। इस दौरान एयरपोर्ट पर इंडिगो के खिलाफ नारेबाजी भी हुई।
तिरुवनंतपुरम में कई फ्लाइटस रद्द
दरअसल कुछ इसी तरह की हालत केरल के तिरुवनंतपुरम के एयरपोर्ट में दिखाई दी। इंडिगो ने गुरुवार को अपनी फ्लाइट्स रद्द कर दीं, जिसके चलते हवाई अड्डे पर यात्रियों की भीड़ दिखी। वहीं,चार अन्य फ्लाइट्स देरी से उड़ान भर रही हैं, जिसका असर संचालन पर भी पड़ा। इसके अलावा गुजरात में भी इंडिगो की कई फ्लाइट्स रद्द हैं, जबकि कुछ देरी से चल रही हैं। इस वजह से विदेश जाने वाले काफी यात्री भी परेशान हुए हैं।
यात्री ने जानकारी दी
एक यात्री ने जानकारी दी कि कल हमारी फ्लाइट कैंसिल हो गई थी, हमें यहां एक दिन और रुकना पड़ा। जब हम यहां पहुंच गए हैं, तो वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। मैंने सुना है कि हमारी कनेक्टिंग फ्लाइट एक बार फिर लेट हो गई है। हमारे खाने और रहने की जगह के बारे में हमें कुछ पता नहीं चल रहा है। हमारा आखिरी डेस्टिनेशन सिलचर है। इंडिगो स्टाफ हमें कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। हमारे साथ क्या हो रहा कुछ पता नहीं चल रहा।
गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट पर भी यात्री रहे परेशान
इसी तरह कुछ ऐसा ही हाल गोवा के डाबोलिम एयरपोर्ट पर देखा गया, जहां यात्रियों ने अपनी परेशानी का जिक्र किया। एक यात्री ने कहा मेरी फ्लाइट रायपुर की थी, लेकिन अब उसे कैंसल बताया जा रहा है। ये लोग कह रहे हैं कि कल की फ्लाइट ले लीजिए लेकिन उसमें भी फ्लाइट जाएगी कि नहीं ये कंफर्म नहीं है। लेकिन फिर भी फ्लाइट लेना पड़ रहा क्योंकि और कोई विकल्प नहीं है। आज एक दिन रही रुकना पड़ रहा है।
हैदराबाद एयरपोर्ट पर भी यही नजारा रहा
कुछ ऐसा ही हाल हैदराबाद एयरपोर्ट पर भी दिखा, जहां गुरुवार को हालात बेहद खराब रहे। इस वजह से 37 उड़ानें रद्द हुईं, कई यात्री रातभर फंसे रहे, कोई उचित सूचना या व्यवस्था नहीं की गई। इस दौरान कुछ यात्री गुस्से में एयरलाइन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए, 'इंडिगो बंद करो। इंडिगो मुर्दाबाद' कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लिखा कि, 12 घंटे से अधिक इंतजार कराया गया, होटल या व्यवस्था नहीं दी गई, हर घंटे कहा गया- क्रू आने वाला है।
अगले दो-तीन दिन और बनी रहेगी समस्या
इंडिगो एयरलाइन ने कहा है कि ठंड के मौसम में जब धुंध और भीड़ रहती है, तब क्रू की कमी की समस्या और गंभीर हो गई। इंडिगो ने कहा है शेड्यूल को स्थिर करने की कोशिशें अगले दो-तीन और जारी रह सकती हैं। जिससे और उड़ानें कैंसिल होंगी। हालांकि 8 दिसंबर से एयरलाइन अपने फ्लाइट ऑपरेशन कम कर देगी, जिससे उड़ानें रद्द होने की समस्या कम हो सकती है।