इजरायल-ईरान तनाव के बीच LPG सिलेंडर के बढ़े दाम! घरेलू सिलेंडर भी हुआ महंगा
नई दिल्ली। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच वैश्विक स्तर पर भारी उथल-पुथल देखने को मिली है। बता दें कि LPG सिलेंडर के दाम बढ़ गए हैं। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में करीब 115 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।
7 दिन के भीतर दूसरी बार बढ़े दाम
कमर्शियल सिलेंडर के दाम 7 दिन के भीतर दूसरी बार बढ़े हैं। इससे पहले 1 मार्च को 28 से 31 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई थी। बढ़ी हुई कीमतें आज से ही लागू हो गई हैं. दूसरी ओर पेट्रोल-डीजल के दाम फिलहाल लगभग स्थिर बने हुए हैं।
कच्चे तेल की कीमतें में भी उछाल
बता दें कि ईरान-इजरायल युद्ध का असर इतना भारी पड़ रहा है कि कच्चे तेल की कीमतों में भी भारी उछाल हुआ है। 8-9 घंटे के दरमयान WTI क्रूड ऑयल की कीमतें करीब 12 डॉलर प्रति बैरल तक बढ़ गईं और कुछ समय के लिए तो भाव 92 डॉलर के पार पहुंच गया। इस तेज उछाल ने ग्लोबल कमोडिटी मार्केट में हलचल मचा दी। भारतीय समयानुसार, शनिवार सुबह 6:30 बजे क्रूड ऑयल की कीमतें 9.89 डॉलर या 12.21% के उछाल के साथ 90.90 डॉलर/बैरल पर थीं, जबकि ब्रेंट का भाव 7.63 डॉलर या 8.93% के उछाल के साथ 93.04 डॉलर/बैरल पर बना हुआ था।
शहरों में कितनी हुई LPG सिलेंडर की कीमत?
जानकारी के मुताबिक दिल्ली में 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी (LPG) सिलेंडर के दाम 60 रुपये तक बढ़ गए हैं और इसी के साथ दिल्ली में घरेलू सिलेंडर के दाम 853 रुपये से बढ़कर अब 913 रुपये हो गए हैं।
- कोलकाता में 14 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर के दाम अब 939 रुपये हो गए हैं।
- मुंबई में घरेलू गैस सिलेंडर अब 912.50 रुपये का मिलेगा।
- जबकि चेन्नई में इसकी कीमत बढ़ कर 928.50 रुपये हो गई है।
19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें कितनी बढ़ी
19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में 114.50 से 115 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में ये अब 1,883 रुपये, मुंबई में 1,835 रुपये में, कोलकाता में 1,990 रुपये में जबकि चेन्नई में 2,043.50 रुपये में मिलेगा।