टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच होगा महा-मुकाबला! जानें कैसा है कीवि के सामने भारत का रिकार्ड

Update: 2026-03-07 05:50 GMT

नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच कल महा-मुकाबला होने वाला है। इस मुकाबले में टीम इंडिया जीत दर्ज करके इतिहास रचना चाहेगी। हालांकि टीम इंडिया के लिए इस मैच में न्यूजीलैंड को हराना आसान नहीं होने वाला है। दरअसल टी20 वर्ल्ड कप में अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड काफी खराब रहा है। टी20 इंटरनेशनल में हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें तो वहां भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं।

18 में टीम इंडिया को जीत मिली

इसमें से 18 में टीम इंडिया को जीत मिली है। इसमें से दो जीत भारतीय टीम को सुपर ओवर में मिली थी। वहीं 11 मुकाबले न्यूजीलैंड ने जीते हैं। एक मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया था। घरेलू मैदान पर भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 16 में से 11 मुकाबले जीते हैं। यहां पलड़ा टीम इंडिया का भारी लग रहा है। टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड पर टीम इंडिया का पलड़ा भारी है लेकिन टी20 वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के हेड टू हेड रिकॉर्ड को देखें तो वहां कहानी कुछ और ही है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 वर्ल्ड कप में अभी तक 3 मुकाबले खेले गए हैं। तीनों ही मैचों को न्यूजीलैंड ने जीता है। 2007, 2016 और 2021 में हुए टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड ने भारत को हराया है। ऐसे में टीम इंडिया अब इस मैच को जीतकर इस रिकॉर्ड को बदलना चाहेगी।

पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली गई थी

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से ठीक पहले न्यूजीलैंड की टीम व्हाइट बॉल सीरीज के लिए भारत दौरे पर थी। इन दोनों देशों के बीच इस सीरीज के दौरान पांच टी20 मैचों की सीरीज खेली गई थी और उसमें टीम इंडिया ने 4-1 से बाजी मारी थी। कीवी टीम के पास भारत में खेलने का काफी अनुभव है और ऐसे में उनकी टीम इस फाइनल में टीम इंडिया के सामने कड़ी चुनौती पेश करेगी। इस वर्ल्ड कप में भारत और न्यूजीलैंड के प्रदर्शन की बात करें तो टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में अभी तक सिर्फ एक मैच हारी है। वहीं न्यूजीलैंड को इस वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा है।

Tags:    

Similar News