अमित शाह आज से बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर! जानें इन शहरों में यात्रा का मुख्य उद्देश्य

Update: 2026-02-25 06:11 GMT

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरे में वे विशेष रूप से पूर्णिया और किशनगंज जिलों में भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। दौरे का मुख्य उद्देश्य सीमांचल क्षेत्र को घुसपैठियों से मुक्त करने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाना है। साथ ही इस दौरे से सीमांचल क्षेत्र की सुरक्षा और विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

विकास से जुड़े मुद्दों का जायजा लेते रहे हैं

दरअसल, गृह मंत्री शाह इस क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से नियमित दौरे कर रहे हैं और अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठकें कर सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों का जायजा लेते रहे हैं। वहीं पहले दिन वे शाम 4 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे और फिर हेलीकॉप्टर से किशनगंज के लिए रवाना होंगे। शाम 5 से 7 बजे तक कलेक्ट्रेट में समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे और उसी स्थान पर रात्रि विश्राम करेंगे। इस बैठक में सीमावर्ती जिलों के अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। गृह मंत्री शाह की यह बैठक स्थानीय सुरक्षा चुनौतियों और विकास कार्यों पर विशेष ध्यान केंद्रित करेगी। वहीं 26 फरवरी को अमित शाह किशनगंज से अररिया जाएंगे। सुबह 11 बजे वे लेट्टी सीमा चौकी पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

विकास योजनाओं पर निर्णय लिए जाएंगे

इसके बाद कलेक्ट्रेट में पुलिस अधीक्षकों और जिला अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे, जिसमें भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा वे वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम में भी भाग लेंगे। शाम को पूर्णिया लौटकर रात्रि विश्राम करेंगे। हालांकि 27 फरवरी को गृह मंत्री शाह पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों से संबंधित मामलों पर अधिकारियों से विचार-विमर्श करेंगे। इस अंतिम दौर की बैठक में सुरक्षा, सीमा निगरानी और विकास योजनाओं पर निर्णय लिए जाएंगे। बैठक समाप्त होने के बाद अमित शाह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 

Tags:    

Similar News