इंस्टाग्राम मैसेज ने तोड़ दी शादी, दुल्हन ने किया सुसाइड का प्रयास, जान लें मैसेज की सच्चाई और आप भी हो जाएं सचेत!
बिजनौर। उत्तरप्रदेश के बिजनौर जिले में इंस्टाग्राम पर भेजे गए एक फर्जी मैसेज के कारण शादी टूट गई। दरअसल शादी से ठीक एक रात पहले दूल्हे के फोन पर दुल्हन के बारे में फर्जी बातें लिखे हुए इंस्टाग्राम मैसेज आने लगे। जिसके बाद दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। इस बात से आहत होकर दुल्हन ने आत्महत्या करने का प्रयास किया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक 24 नवंबर, 2025 को होने वाली शादी से ठीक एक रात पहले, दूल्हे (रियाजुद्दीन अंसारी) के फोन पर दुल्हन (नाजिश) के बारे में फर्जी बातें लिखे हुए इंस्टाग्राम मैसेज आने लगे। जिसके बाद इन झूठे संदेशों के प्रभाव में आकर, दूल्हे ने शादी से इनकार कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हा पक्ष को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन दूल्हे पक्ष ने एक ना सुनी। इस अचानक हुए घटनाक्रम से दुखी होकर दुल्हन ने आत्महत्या का प्रयास किया, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने किया मामला दर्ज
बता दें कि मामले के गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है कि फर्जी इंस्टाग्राम आईडी किसने बनाई और ये मैसेज क्यों भेजे गए।
दुल्हन पक्ष दहेज में दिए गए सामान और पैसे की कर रहा मांग
वहीं शादी से इनकार होने के बाद अब दुल्हन पक्ष, दूल्हा पक्ष से अपने दहेज में दिए गए सामान और पैसे की मांग कर रहा है। उनका कहना है कि दूल्हा पक्ष बेटी को बदनाम कर शादी तोड़ना चाहता है इसलिए हमने भी तय किया है कि हम अपने बेटी की शादी इस घर में नहीं करेंगे। फिलहाल उन्होंने अभी कोई तहरीर नहीं दी है। लेकिन वह दूल्हा पक्ष अपना सामान वापस करने की मांग कर रहे हैं, जबकि शादी टूटने के बाद परिवार में खुशियों का माहौल गम के माहौल में बदल चुका है।