पंजाब से केजरीवाल नहीं जाएंगे राज्यसभा, ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजेंद्र गुप्ता बन सकते हैं AAP के उम्मीदवार

पहले यह चर्चा थी कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-10-04 16:39 GMT

पंजाब से आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा उम्मीदवार को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। पहले यह चर्चा थी कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जा सकते हैं, लेकिन अब खबर है कि पार्टी पंजाब के जाने-माने उद्योगपति और ट्राइडेंट ग्रुप के मालिक राजेंद्र गुप्ता को राज्यसभा भेज सकती है।

सूत्रों के मुताबिक, AAP ने गुप्ता के नाम पर सहमति बना ली है, हालांकि इसका आधिकारिक ऐलान अभी बाकी है। बता दें कि राजेंद्र गुप्ता को 2022 में पंजाब प्लानिंग बोर्ड में शामिल किया गया था। उन्होंने अब उस पद से इस्तीफा दे दिया है, जिससे यह लगभग तय माना जा रहा है कि उन्हें संजीव अरोड़ा की खाली हुई सीट से राज्यसभा भेजा जाएगा।

संजीव अरोड़ा ने छोड़ी थी राज्यसभा सीट

इसी साल जून में लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में AAP उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने 10,000 से ज्यादा वोटों के अंतर से जीत दर्ज की थी। विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए अरोड़ा ने अपना राज्यसभा पद छोड़ दिया था। इसी सीट पर अब पार्टी ने राजेंद्र गुप्ता को भेजने की तैयारी कर ली है।

विपक्षी दलों ने उस समय दावा किया था कि अब अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे, लेकिन केजरीवाल ने खुद इन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया था। उन्होंने साफ कहा था कि वे राज्यसभा नहीं जा रहे हैं।

राज्यसभा में AAP का दबदबा

पंजाब से राज्यसभा की कुल सात सीटें हैं, जिनमें से छह पहले से आम आदमी पार्टी के पास हैं। वर्तमान में AAP के सांसदों में राघव चड्ढा, अशोक कुमार मित्तल, संदीप पाठक, विक्रमजीत सिंह साहनी, हरभजन सिंह और संत बलबीर सिंह शामिल हैं। अब सातवीं सीट पर भी पार्टी का उम्मीदवार चुने जाने की संभावना है।

राजेंद्र गुप्ता – पंजाब के सबसे अमीर उद्योगपतियों में शामिल

राजेंद्र गुप्ता न केवल एक सफल उद्योगपति हैं, बल्कि पंजाब के आर्थिक विकास में उनका बड़ा योगदान रहा है। वे ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन हैं, जो देश और विदेशों में टॉवेल, बेडशीट और कॉटन पेपर के लिए प्रसिद्ध है। कंपनी का सालाना टर्नओवर 5 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।

गुप्ता को इस साल जून में पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया था और उन्हें कैबिनेट रैंक प्राप्त था। उन्होंने अपनी राजनीतिक यात्रा शिरोमणि अकाली दल से शुरू की थी और भाजपा-शिअद गठबंधन सरकार के दौरान भी कई अहम पदों पर रहे हैं।

AAP का बहुमत, गुप्ता की जीत तय

पंजाब विधानसभा में AAP के पास 117 में से 93 विधायक हैं, जिससे राज्यसभा चुनाव में पार्टी की स्थिति बेहद मजबूत है। राज्यसभा सीट जीतने के लिए 60 वोटों की आवश्यकता होती है, ऐसे में राजेंद्र गुप्ता की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आम आदमी पार्टी ने एक रणनीतिक कदम उठाया है — उद्योग और राजनीति का संतुलन बनाकर, राज्यसभा में एक अनुभवी बिजनेस लीडर को भेजने का निर्णय पार्टी की नई दिशा को दर्शाता है।

Tags:    

Similar News