सावधान! फलों को ताजा रखने के लिए लगाए जा रहे हैं चूहे मारने वाली दवा, ऐसा वीडियो हुआ वायरल, देखें वीडियो
वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोप लगाया है कि फल विक्रेता ने फलों को चमकदार और ताजा दिखाने के लिए इस जहरीले पेस्ट का इस्तेमाल किया
मुंबई। मुंबई से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। दरअसल एक फल विक्रेता फलों को ताजा दिखाने के लिए फलों के ऊपर चूहे मारने की दवा लगा रहा था। इसका किसी ने वीडियो बना लिया जो वायरल हो गया। इसके बाद पुलिस पहुंची और दुकानदार को दुकान पर ही धर लिया।
लोगों में फैला आक्रोश
वहीं, वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने आरोप लगाया है कि फल विक्रेता फलों को चमकदार और ताजा दिखाने के लिए इस जहरीले पेस्ट का इस्तेमाल किया, ताकि ग्राहक आसानी से आकर्षित हो सकें। हालांकि प्रशासन की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन इस मामले के सामने आने के बाद से खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने दी जानकारी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने जानकारी दी कि यदि रैटोल जैसा जहर गलती से भी शरीर में चला जाए तो इससे उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना और लीवर को गंभीर नुकसान हो सकता है। इसका अधिक मात्रा में सेवन जानलेवा भी साबित हो सकता है। ऐसे में इस तरह की लापरवाही न केवल गैरकानूनी है, बल्कि आम लोगों की सेहत के साथ सीधा खिलवाड़ भी है।
स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच की मांग की
स्थानीय प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग से इस मामले की जांच की मांग की जा रही है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बाजार से खरीदे गए फलों को अच्छी तरह धोकर ही सेवन करें। इसके अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना संबंधित अधिकारियों को दें।
ग्राहकों के लिए जरूरी सावधानी:
1. फलों को अच्छी तरह धोएं: बाजार से लाए गए किसी भी फल या सब्जी को कम से कम 15-20 मिनट तक नमक वाले पानी में भिगोकर रखें।
2. जागरूक रहें: फल खरीदते समय दुकानदार की स्वच्छता और उसके आस-पास की गतिविधियों पर नजर रखें।
3. शिकायत दर्ज करें: यदि आपको किसी विक्रेता पर संदेह हो, तो तुरंत स्थानीय नगर निगम या खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें।