रिंकू सिंह जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलेंगे या नहीं, टीम इंडिया के कोच सितांशु कोटक ने दिया वापसी पर जवाब
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 का अपना दूसरा मुकाबला गुरुवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में खेलना है। यह मुकाबला बेहद अहम है और सुपर-8 में पहुंचने के लिए भारतीय टीम को इस मैच में जीत बेहद जरूरी है। ऐसे में मैच से पहले टीम इंडिया के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने रिंकू सिंह की उपलब्धता पर बड़ा बयान दिया है। सितांशु कोटक ने कहा कि रिंकू बुधवार शाम तक टीम से जुड़ जाएंगे।
रिंकू के पिता कैंसर से जूझ रहे
रिंकू सिंह के पिता कैंसर से जूझ रहे हैं और नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती हैं। मंगलवार को खबर आई थी कि रिंकू अपने पिता की देखभाल के लिए टीम छोड़कर अस्पताल पहुंचे थे।
मैच में खेलने की संभावना
हालांकि वह टीम के साथ जुड़ रहे हैं, लेकिन कोटक ने संकेत दिया है कि खराब फॉर्म और टीम संतुलन (दाएं हाथ के बल्लेबाज की जरूरत) के कारण प्लेइंग इलेवन में बदलाव हो सकता है। रिंकू सिंह की जगह संजू सैमसन को खिलाने पर विचार किया जा रहा है।
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज है रिंकू
बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज रिंकू सिंह को भारतीय टीम का बेहतरीन फिनिशर माना जाता है। हालांकि, टी20 विश्व कप 2026 में अब तक उनका बल्ला शांत रहा है। वह बड़ी और प्रभावी पारी खेलने में सफल नहीं रहे हैं। रिंकू के टीम में जगह पर भी सवाल उठे हैं। ऐसे में अगर रिंकू जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ उपलब्ध होते हैं, तो उन्हें अपनी उपयोगिता साबित करनी होगी।