दिशा पाटनी और इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ को लेकर आई बड़ी अपडेट! जानें सिनेमाघर में कब दस्तक देगी

Update: 2026-03-02 14:00 GMT

नई दिल्ली। इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की फिल्म ‘आवारापन 2’ इमरान की इंजरी की वजह से अधर में लटक गई थी, लेकिन अब पता चला है कि सब कुछ फिर से ट्रैक पर आ गया है। ‘आवारापन 2’ के मेकर्स ने फिल्म के अगले और आखिरी शेड्यूल को लॉक कर दिया है। इसके लिए फिल्म की यूनिट को मलेशिया रवाना होना पड़ेगा, क्योंकि फिल्म के आखिरी शेड्यूल की शूटिंग वहीं होने वाली है।


बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि इमरान हाशमी इसी हफ्ते से मलेशिया में ‘आवारापन 2’ के अगले और आखिरी शेड्यूल की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। वहां पर शूटिंग करीब 3 हफ्ते चलेगी। इस शेड्यूल का हिस्सा दिशा पाटनी भी बनेंगी। इससे पहले फिल्म की काफी शूटिंग हो चुकी है अब बस विदेशी बैकड्रॉप के सीन फिल्माने बाकी रह गए हैं।


‘आवारापन 2’ की शूटिंग शुरू होने की जानकारी करीब 20 दिनों बाद आई है। इतने दिनों से इमरान को लगी चोट के चलते शूटिंग रुकी हुई थी। मेकर्स इस फिल्म से जुड़ी डिटेल्स को छिपाने की हर कोशिश कर रहे हैं। फिल्म के प्लॉट के बारे में भी अब तक कोई जानकारी सामने नहीं आ सकी है।


‘आवारापन’ के इस सीक्वल का निर्देशन नितिन कक्कड़ कर रहे हैं। फिल्म विशेष फिल्म्स के बैनर तले बनाई जा रही है। मेकर्स एक टीजर के जरिए पहले ही ऐलान कर चुके हैं कि इमरान की ‘आवारापन 2’ इसी साल 3 अप्रैल को रिलीज की जाएगी।


हालांकि फिलहाल इस बारे में कुछ कहा नहीं जा सकता, क्योंकि शूटिंग शेड्यूल बिगड़ने की वजह से पूरे प्लान पर ही असर पड़ा होगा।


इमरान हाशमी का आवारापन साल 2007 में आई थी। उस वक्त फिल्म कुछ खास नहीं चली थी, लेकिन वक्त के साथ इसे कल्ट रोमांटिक फिल्म का दर्जा मिला। ऐसे में फैंस लंबे वक्त से इसके सीक्वल की मांग कर रहे थे।


रिपोर्ट के अनुसार, आवारापन को उस वक्त 18 करोड़ के बजट में बनाया गया था और इसने वर्ल्डवाइज करीब 12 करोड़ का ही बिजनेस किया था। फिल्म में इमरान के अलावा श्रीया सरन, मृणालिनी शर्मा, पूरब कोहली, आशुतोष राणा और शाद रंधावा अहम रोल में थे। इसका निर्देशन मोहित सूरी ने किया था।

Tags:    

Similar News