टी 20 वर्ल्ड कप के विजेता टीम हो जाएंगे मालामाल! जीतने वाली टीम को मिलेगी इतनी राशि
नई दिल्ली। भारतीय टीम टी 20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइन में पहुंच गई है। वहीं वर्ल्ड कप के केवल तीन मैच ही बचे हैं। वहीं दो सेमीफाइनल और एक फाइनल बाकी है। इसके बाद पता चल जाएगा कि टी20 क्रिकेट का विश्व चैंपियन कौन है। क्या टीम इंडिया ही एक बार फिर से इस खिताब पर कब्जा करेगी या फिर कोई नई टीम आएगी। इस बीच आपको ये भी जानना चाहिए कि इस बार जो टीम चैंपियन बनेगी, उसे प्राइज मनी के तौर पर कितनी राशि दी जाएगी।
सेमीफाइनल में भारत की इंग्लैंड के बीच होगी टक्कर
बता दें कि आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में इस बार कुल 20 टीमें खेल रही थीं। पहले राउंड के बाद केवल आठ टीमें बची और बाकी सारी बाहर हो गईं। अब जबकि सुपर 8 का राउंड भी पूरा हो गया तो चार टीमें और बाहर हो गई हैं, केवल चार ही टीमें ऐसी बची हैं, जो अब खिताब जीतने की दावेदार हैं। पहले सेमीफाइनल में जहां साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड की टीमें आपस में भिड़ेगी, वहीं दूसरे सेमीफाइनल में भारत की टक्कर इंग्लैंड से होगी। अपने अपने मैच जीतने वाली टीमें फाइनल में चली जाएंगी, वहीं हारने वाली टीमों का खेल खत्म हो जाएगा।
27 करोड़ रुपये से अधिक की रकम मिलेगी
इस बीच अगर प्राइज मनी की बात की जाए तो साल 2024 में जब भारतीय क्रिकेट टीम ने रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था, तब उसे प्राइज मनी के तौर पर 20.4 करोड़ रुपये दिए गए थे। इस बार रकम को बढ़ा दिया गया है। वैसे तो हाल फिलहाल आईसीसी ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है कि इस बार के चैंपियन को कितनी धनराशि दी जाएगी, लेकिन ऐसी खबर सामने आ रही है कि विजेता टीम को इस बार 27 करोड़ रुपये से अधिक की रकम मिलेगी।
आईसीसी ने 120.37 करोड़ रखा बजट
दरअसल इस बार आईसीसी ने कुल मिलाकर टीमों के लिए 120.37 करोड़ रुपये का बजट रखा है। ये तो रही फाइनल जीतने वाली टीम यानी चैंपियन टीम को मिलने वाली रकम। लेकिन जो टीम फाइनल तक जाएगी, लेकिन एक मैच जीतने से चूक जाएगी और रनअप यानी उपविजेता रहेगी, उसे भी करीब 14.65 करोड़ रुपये मिलेंगे। सेमीफाइनल की चार टीमें तय हो गई हैं। जो टीम अब यहां से आगे नहीं जाएगी, उसे भी 7.24 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इतना ही नहीं, नंबर 5 से 12वें स्थान तक रहने वाली टीमों को 3.48 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। हालांकि आपको बता दें कि ये संभावित रकम है।