Bihar Election: कांग्रेस की होगी चुनावी शंखनाद, प्रियंका गांधी 26 सितंबर को मोतिहारी में 'हर घर अधिकार रैली' के जरिए करेंगी शक्ति प्रदर्शन...

राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश सिंह ने मोतिहारी में दावा किया है कि प्रियंका की रैली के लिए गांधी मैदान छोटा पड़ जाएगा।;

By :  Aryan
Update: 2025-09-23 05:48 GMT

पटना। बिहार में होने वाला विधानसभा चुनाव बिल्कुल करीब है। इससे पहले कांग्रेस भी अपनी चुनावी तैयारियों में पूरी तरह से जुट गई है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी 26 सितंबर को बिहार दौरे पर आ रही हैं। उनका यह दौरा पार्टी के लिए एक बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है। बता दें कि पहले वो मोतिहारी में जनसभा को संबोधित करेंगी, फिर पटना के एक कार्यक्रम में शामिल होंगी।

मोतिहारी से फूंका जाएगा चुनावी बिगुल

प्रियंका गांधी ने अपनी जनसभा के लिए महात्मा गांधी की कर्मभूमि मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान को चुना है। यह उनके लिए एक प्रतीकात्मक शुरुआत है, जिससे वह बिहार की जनता से सीधा सम्पर्क स्थापित करना चाहती हैं। गांधी मैदान में दोपहर करीब 1 बजे जनसभा को संबोधित करेंगी। उसके बाद पटना में कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम के कार्यक्रम में शिरकत करेंगी, जहां वह महिलाओं से संवाद करेंगी, इस दौरान वो महिलाओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं पर चर्चा करेंगी।

पीएम मोदी की रैली से तिगुनी भीड़ होने की उम्मीद

प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस नेताओं में बेहद उत्साह दिख रहा है। इस मामले में राज्यसभा सांसद डॉ. अखिलेश सिंह ने मोतिहारी में दावा किया है कि प्रियंका की रैली के लिए गांधी मैदान छोटा पड़ जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रैली में नरेंद्र मोदी की रैली से तीन गुना अधिक लोग पहुंचेंगे। अखिलेश सिंह ने बताया कि इस सभा के माध्यम से महागठबंधन की चुनावी रैली का शंखनाद भी हो जाएगा।

प्रियंका गांधी ही असली उत्तराधिकारी

पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव ने मोतिहारी में कहा कि प्रियंका गांधी ही इंदिरा गांधी की असली उत्तराधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी की रैली बापू की कर्मभूमि से शुरू होकर पूरे बिहार तक फैलेगी। उन्होंने देश के वर्तमान नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार देश की बागडोर एक 'कमजोर प्रधानमंत्री' के हाथों में है। जिनके शासन में देश सुरक्षित हीं है। उन्होंने आगे कहा कि देश के निर्माण में बिहार कांग्रेस का सबसे बड़ा योगदान रहा है।


Tags:    

Similar News