Bihar Election: 122 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान जारी, मतदाताओं की लगी है लंबी लाइन

दूसरे चरण के मतदान में 1302 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। इनमें 1165 पुरुष उम्मीदवार, 136 महिला उम्मीदवार हैं।;

By :  Aryan
Update: 2025-11-11 04:23 GMT

पटना। बिहार में दूसरे चरण में भी रिकॉर्ड बनाने के लिए मतदाता मतदान केंद्र पहुंचे रहे हैं। बिहार में दूसरे चरण में 122 सीटों पर मतदान हो रहा है। दूसरे चरण में 1302 प्रत्याशी मैदान में है। 1165 पुरुष उम्मीदवार और 136 महिला उम्मीदवार हैं। एक थर्ड जेंडर भी है। कुछ बूथों में मशीन सही से काम ना करने पर मतदान देर से शुरू हुआ। मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। प्रशासनिक अधिकारी भी लगातार मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं।

20 जिलों की 122 सीटों पर पहले चरण में मतदान हुआ था

बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 122 सीटों पर मतदान हो चुका है। जिसमें बिहार के लोगों ने रिकॉर्ड मत डाले हैं। दूसरे चरण में भी बिहार के लोग मतदान का नया रिकार्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं। दूसरे चरण के मतदान में 1302 प्रत्याशी चुनावी मैदान हैं। इनमें 1165 पुरुष उम्मीदवार, 136 महिला उम्मीदवार और एक थर्ड जेंडर हैं। वहीं तीन करोड़ 70 लाख मतदाता दूसरे चरण में मतदान करेंगे। एक करोड़ 95 लाख पुरुष वोटर हैं। एक करोड़ 74 लाख महिला वोटर हैं। चार लाख चार हजार दिव्यांग वोटर हैं। 63373 सर्विस वोटर हैं। 943 थर्ड जेंडर हैं। 43 एनआरआई हैं। वहीं 18 से 19 साल के मतदाताओं की संख्या सात लाख 69 हजार 356 है। 

केंद्रों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए

 मॉक पोल के बाद मतदान प्रकिया शुरू कर दी गई। हर मतदान केंद्र पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। पूर्व मंत्री सैयद शाहनवाज हुसैन ने अपनी पत्नी रेणु हुसैन के साथ सुपौल जिला मुख्यालय स्थित बूथ संख्या 190 पर मतदान किया। शाहनवाज के साथ शादी के बाद रेणु हुसैन ने पहली बार बिहार में मतदान किया। सुपौल जिला मुख्यालय स्थित वार्ड 21 प्राथमिक विद्यालय कोसी कॉलोनी में डीएम सावन कुमार ने मतदान किया। उन्होंने सुपौल वासियों से अपील की है कि वह बढ़ चढ़कर मतदान के इन महापर्व में भाग लें। किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें।

हर बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन

वोटिंग के लिए मधुबनी, हरलाखी, बेनीपट्टी, बिस्फी, खजौली, राजनगर, बाबूबरही, लौकहा, फुलपरास एवं झंझारपुर विधानसभा क्षेत्र में 3882 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। जहां 31 लाख 23 हजार 747 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हर बूथ पर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी लाइन है। सीतामढ़ी के बूथ संख्या 168, 169,जज 293, 233, किशनगंज के बूथ संख्या 325, 326, पूर्णिया के बूथ संख्या 89, अरवल के बूथ संख्या 306, मोतिहारी के बूथ संख्या 246, 340, 110, 111, 109 पर EVM खराब होने के कारण मतदान प्रक्रिया में देरी हुई। अब इन बूथों पर मतदान शुरू हो चुका है।

Tags:    

Similar News