खुद को 'बेकार' समझती थीं ये अभिनेत्री! संघर्ष के दिनों में झेलने पड़े कई धोखे, खुद बताया सच
मुंबई। अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने आज बॉलूवुड में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। लेकिन ये सब कुछ उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। ऐसे में अभिनेत्री ने अपने करियर के शुरुआती संघर्ष और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर खुलकर बात की है। उन्होंने साझा किया कि एक समय ऐसा था जब वह गहरे आत्म-संदेह से जूझ रही थीं और खुद को 'बेकार' समझती थीं।
ऋचा ने बताया कि वह अक्सर खुद से कहती थीं, "मैं बेकार हूं, मैं अच्छी नहीं हूं"। वह अपने शरीर और मन को लेकर बहुत सख्त थीं और लगातार खुद की आलोचना करती रहती थीं।
इंडस्ट्री में शुरुआती दिनों के दौरान उन्हें अपनी शारीरिक बनावट में बदलाव करने के लिए काफी दबाव झेलना पड़ा। उन्हें होठों या चेहरे की सर्जरी कराने जैसी सलाह दी जाती थी।
गानों की शूटिंग से पहले वह खुद को फिट दिखाने के लिए तीन-तीन दिनों तक पानी और नमक का त्याग कर देती थीं, जो उनके मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए हानिकारक साबित हुआ।
उन्होंने यह भी साझा किया कि करियर की शुरुआत में उन्होंने कई व्यावसायिक धोखे झेले। उन्होंने पाया कि फिल्म इंडस्ट्री में बहुत कम लोग वास्तव में दूसरों का भला चाहते हैं और कई लोग हीन भावना के कारण दूसरों को गिराने की कोशिश करते हैं। आज ऋचा खुद को पहले से कहीं अधिक निडर और बिंदास मानती हैं। उन्होंने इन अनुभवों से सीखा है कि खुद के निर्णयों और आवाज़ की रक्षा करना कितना महत्वपूर्ण है।