खुद को कैप्टन कहने वाला अशोक खरात के खुले कई अतीत के राज, SIT ने किया खुलासा...

अशोक खरात की पहुंच सत्ता की गलियारों तक है। इनमें से कुछ नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों का जिक्र सामने आया है,

By :  Aryan
Update: 2026-03-27 10:00 GMT

मुंबई। महाराष्ट्र में इन दिनों अशोक खरात का नाम चर्चा में बना हुआ है। दरअसल अशोक खरात को लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। 67 वर्षीय स्वयंभू ज्योतिषाचार्य पर रेप, और धोखाधड़ी जैसे कई मामलों में आरोप लगे हैं। इस मामले में SIT एक-एक करके तह उठाते हुए खुलासे कर रही है। जानकारी के मुताबिक, उसके ग्राहकों में महाराष्ट्र के कई बड़े नेता और कारोबारी भी शामिल हैं। वह लोगों के व्यापार, निजी और राजनीतिक फैसलों में भी दखल देता था। इसके वजह से उसका नेटवर्क बढ़ता गया।

रिश्तेदार के साथ भी किया दुष्कर्म

अशोक खरात का जन्म नासिक जिले के काहंडेलवाड़ी गांव में लक्ष्मण खरात के रूप में हुआ था। पहले उस पर एक रिश्तेदार के साथ दुष्कर्म का आरोप लगा, जिसके बाद उसे गांव से बाहर निकाल दिया गया। फिर वह थाईलैंड चला गया, जहां उसने कार्गो जहाजों पर काम किया। वहां से उसने खुद को कैप्टन खरात बताना शुरू किया। हालांकि अभी जांच में इसका आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।

नासिक आकर शुरू किया धार्मिक धंधा

1990 के दशक में नासिक लौटने के बाद उसने खुद को अशोक कुमार खरात के रूप में पेश किया। रियल एस्टेट बूम के बीच उसने ज्योतिष, न्यूमेरोलॉजी और छोटे धार्मिक अनुष्ठानों का काम शुरू किया। ग्राहकों को जटिल रियल एस्टेट सौदों में सलाह देता था, महंगे अनुष्ठान और कई तरह के पूजा कराने की सलाह देता था। इसके बदले वह 50 लाख तक लेता था।

लोगों पर मानसिक दबाव बनाता था

जानकारी के मुताबिक, वह अपने मिरगांव स्थित महादेव मंदिर में खास तरीके से अनुष्ठान करता था। वहां लाइट बंद कर देता था, सांपों की आवाजें सुनाई जाती थीं, जिससे माहौल रहस्यमय बनाया जाता था। खरात दावा करता था कि भगवान महादेव ने प्रार्थना स्वीकार कर ली है। पुलिस ने बताया कि यह सब एक सुनियोजित तरीका था जिससे लोगों पर मानसिक दबाव बनाया जाता था और उनसे पैसे वसूले जाते थे।

करोड़ों की करता था वसूली

पुणे के एक रियल एस्टेट कारोबारी ने FIR दर्ज कर आरोप लगाया है कि वह 2018 से खरात के संपर्क में थे। उन्होंने 4-5 करोड़ रुपये खर्च किए और एक मर्सिडीज कार भी ट्रांसफर की। जानकारी के अनुसार, जब उन्होंने दूरी बनाने की कोशिश की तो उन्हें डराया गया।

महिलाओं ने लगाए गंभीर

महिलाओं ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायतों में यौन शोषण और मानसिक उत्पीड़न के आरोप शामिल हैं। 17 मार्च से 26 मार्च के बीच कम से कम आठ मामले दर्ज किए गए हैं। इससे यह मामला एक बड़ी बहुस्तरीय जांच में बदल गया है, जिसमें कई पहलुओं की पड़ताल हो रही है।

सत्ता के गलियारों तक खरात की पहुंच

अशोक खरात की पहुंच सत्ता की गलियारों तक है। इनमें से कुछ नेताओं और प्रभावशाली व्यक्तियों का जिक्र सामने आया है, जिससे यह मामला संवेदनशील हो गया है। हालांकि अब तक इन नेताओं के खिलाफ किसी गलत काम के सबूत नहीं मिले हैं।

30 एकड़ जमीन पर किया कब्जा

2009 में खरात ने नासिक के मिरगांव में जमीन खरीदकर और वहां शिव मंदिर बनवाया। धीरे-धीरे उसने करीब 30 एकड़ जमीन पर कब्जा कर एक बड़ा फार्महाउस तैयार कराया। इसी से उसका नेटवर्क फैलना शुरू हो गया। यहां प्रभावशाली लोग उससे मिलने आते थे और यहीं से उसका पूरा ऑपरेशन संचालित होता था।

Tags:    

Similar News