30 मार्च को अपने पद से इस्तीफा देंगे सीएम नीतीश कुमार, राज्यसभा का करेंगे रूख
पटना। बिहार के मुख्यमंत्री 30 मार्च को अपने पद से इस्तीफा देने जा रहे हैं। हालांकि, यह इस्तीफा सीधे मुख्यमंत्री पद से न होकर, उनकी बिहार विधान परिषद (MLC) की सदस्यता से होने की उम्मीद है। नीतीश कुमार ने 16 मार्च 2026 को राज्यसभा चुनाव जीता है।
क्या कहता है संवैधानिक नियम
नियमानुसार, कोई भी व्यक्ति एक साथ दो सदनों (राज्यसभा और विधान परिषद) का सदस्य नहीं रह सकता। राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्हें 14 दिनों के भीतर अपने वर्तमान पद (MLC) से इस्तीफा देना अनिवार्य है। चूंकि बिहार विधानमंडल में 29 मार्च तक अवकाश है, इसलिए माना जा रहा है कि सदन दोबारा खुलने पर 30 मार्च को वे विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे देंगे।
अगले 6 महीनों तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहेंगे नीतीश कुमार
MLC पद से इस्तीफा देने के बाद भी नीतीश कुमार तकनीकी रूप से अगले 6 महीनों तक मुख्यमंत्री पद पर बने रह सकते हैं। हालांकि, सूत्रों के अनुसार वे अप्रैल के दूसरे हफ्ते (संभावित 13-14 अप्रैल को खरमास खत्म होने के बाद) मुख्यमंत्री पद से भी इस्तीफा दे सकते हैं ताकि भाजपा के नेतृत्व में नई सरकार का गठन हो सके।