जम्मू कश्मीर में बादल फटने से फिर मची तबाही! चार लोगों की मौत, कई घायल
पुलिस और स्थानीय टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चल रही है;
जम्मू। जम्मू कश्मीर में बादल फटने से फिर तबाही मच गई है। इस घटना में चार लोगों के मौत की सूचना है। वही आधा दर्जन से अधिक घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी। सुरक्षा टीम ने अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकलने का काम शुरू किया। यह घटना जम्मू के कठुआ गुज्जरों की बस्ती में हुई है।
बस्ती पर पहाड़ गिर गया
सुदूर गांव में बादल फटने से गुज्जरों की बस्ती पर पहाड़ गिर गया है। इसमें चार घर दब गए। चार लोगों की मौत की खबर है। कई घायल हैं। राहत एवं बचाव कार्य चल रहा है। 80 फीसदी रोड बह गया है। रात करीब 2 से 3 बजे की यह घटना है। कठुआ में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हो रही है। अधिकारियों ने बताया कि शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात राजबाग के जोड़घाटी गांव में बादल फटने से गांव तक पहुंचने का रास्ता बंद हो गया।
संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई
कड़ी मशक्कत के बाद, पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की एक संयुक्त टीम घटनास्थल पर पहुंच गई। अब तक चार लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि छह अन्य को घायल अवस्था में बचाया गया है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण अधिकांश जलाशयों का जलस्तर तेज़ी से बढ़ गया है और उझ नदी ख़तरे के निशान के पास बह रही है। ज़िला प्रशासन स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए है और लोगों से उनकी सुरक्षा के लिए जलाशयों से दूर रहने का अनुरोध किया है।