Delhi-NCR में ठंड का कहर जारी! शीतलहर को लेकर येलो अलर्ट जारी, जानें कैसा रहेगा आने वाला 2 दिन
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में ठंड का अटैक जारी है। वहीं अब कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। नए साल के पहले सप्ताह में लोगों को ठिठुरन का भी एहसास हो रहा है। इसी क्रम में आज ठंड और गलन महसूस की गई। राजधानी में इस साल की पहली शीतलहर चली तो तापमान में भी गिरावट देखने को मिली।
घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी
बता दें कि बुधवार सुबह घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे ने फिर से वापसी कर ली है। पहाड़ों की बर्फबारी की ठंडक दिल्ली में सर्दी का एहसास लगातार बढ़ा रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले दो दिनों के दौरान भी ऐसी ही स्थिति बने रहने का अनुमान है।
हवा में नमी का स्तर 100 से 76 प्रतिशत तक रहा
आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 3.3 डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य से 0.7 डिग्री ज्यादा है। वहीं हवा में नमी का स्तर 100 से 76 प्रतिशत तक रहा।
सर्दी से राहत नहीं मिली
बता दें कि दिल्ली के ज्यादातर हिस्सों में आज सुबह के समय कोहरा देखने को मिला। इसके चलते सुबह नौ बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर दृश्यता का स्तर 250 मीटर तक रह गया। लेकिन, दिन चढ़ने के साथ इसमें सुधार होता गया। दिन में आसमान साफ रहा, धूप भी निकली, लेकिन सर्दी से राहत नहीं मिली। दिन ढलने के बाद तो गलत भी तेजी से बढ़ने लगी।