यूपी में बढ़ती ठंड का असर: बरेली में कक्षा 1 से 8 तक के स्कूल 20 दिसंबर तक बंद, लखनऊ-बाराबंकी में बदला स्कूलों का समय

राज्य के कई जिलों में प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को लेकर अहम फैसले लिए हैं।;

Update: 2025-12-17 21:30 GMT

उत्तर प्रदेश में सर्दी और कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। ठंड के चलते आम जनजीवन के साथ-साथ अब स्कूली व्यवस्था पर भी इसका असर साफ दिखाई देने लगा है। राज्य के कई जिलों में प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए स्कूलों को लेकर अहम फैसले लिए हैं। इसी क्रम में बरेली जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों को 20 दिसंबर तक बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं।

बरेली में अत्यधिक ठंड और घने कोहरे को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. विनीता ने यह आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार जिले में संचालित सभी बोर्डों के कक्षा एक से आठ तक के सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों में 20 दिसंबर तक अवकाश रहेगा। प्रशासन का कहना है कि छोटे बच्चों के लिए इस मौसम में सुबह-सुबह स्कूल जाना स्वास्थ्य के लिहाज से जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए एहतियातन यह फैसला लिया गया है।

वहीं, बरेली के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। राजधानी लखनऊ और बाराबंकी में भी ठंड को देखते हुए स्कूलों के संचालन समय को आगे बढ़ा दिया गया है। लखनऊ में जिलाधिकारी के निर्देश पर कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूल अब सुबह 9 बजे से संचालित होंगे। यह आदेश सभी बोर्डों के विद्यालयों पर समान रूप से लागू होगा।

दरअसल, लखनऊ में लगातार गिरते तापमान और कोहरे के कारण छोटे बच्चों को सुबह जल्दी स्कूल पहुंचने में काफी दिक्कत हो रही थी। इसको लेकर अभिभावक लंबे समय से स्कूलों के समय में बदलाव की मांग कर रहे थे। प्रशासन के इस फैसले से छात्रों और उनके माता-पिता दोनों को बड़ी राहत मिली है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का सख्ती से पालन किया जाए और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बाराबंकी जिले में भी ठंड को ध्यान में रखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। यहां कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय अब सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगे। जिला प्रशासन ने यह निर्णय बच्चों को ठंड और कोहरे से होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए लिया है।

इससे पहले बदायूं जिले में भी इसी तरह का आदेश जारी किया गया था। बदायूं के जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक कर दिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि यह आदेश परिषदीय, माध्यमिक, सहायता प्राप्त और सभी बोर्डों से मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर लागू होगा।

सीतापुर जिले में भी इससे पहले कक्षा 1 से 8 तक के स्कूलों के समय में बदलाव किया जा चुका है। यहां भी सभी स्कूलों को 10 बजे से 3 बजे तक संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में अन्य जिलों में भी प्रशासन इसी तरह के फैसले ले सकता है। फिलहाल अभिभावक और छात्र प्रशासन के इन कदमों को राहत देने वाला मान रहे हैं, जिससे बच्चों को सर्द मौसम में सुरक्षित रखा जा सके।

Tags:    

Similar News