दिल्ली- एनसीआर में मार्च में लौटी ठंड! बारिश की वजह से तापमान में आई भारी गिरावट! जानें कब तक बरसेंगे बदरा
नई दिल्ली। दिल्ली- एनसीआर में बारिश की वजह से मार्च की गर्मी में सर्दी का एहसास होने लगा है। वहीं 15 मार्च से मौसम अचानक बदल गया था। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से बारिश और तेज हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट देखी जा रही है। 18 और 19 मार्च को आंधी-तूफान और बारिश के बाद अब अधिकतम तापमान 22-23 डिग्री और न्यूनतम 14-15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
21-22 मार्च को आसमान में छाए रहेंगे बादल
बता दें कि 18-19 मार्च को 50-51 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं ने तापमान को तेजी से गिराया है। 20 मार्च की सुबह भी 16 -17 डिग्री के साथ हुई है, जिससे लोगों को पड़ रही गर्मी से राहत मिली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 18 से 20 मार्च तक येलो अलर्ट जारी किया है। आज भी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है, जिसमें पहले के दो पूर्वानुमान सटीक साबित हो चुके हैं। 21-22 मार्च को आसमान में बादल छाए रहेंगे, तापमान स्थिर रहेगा।
तापमान में आएगी और गिरावट
बता दें कि 23 मार्च को फिर से बारिश और 40-50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी। 24-26 मार्च को बादल रहेंगे, अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री तक जा सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, पहाड़ों पर भारी बर्फबारी और बारिश के चलते कई पर्यटक फंसे हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी यूपी और राजस्थान में तेज बारिश दर्ज की गई है जबकि दक्षिण भारत में फसलों को नुकसान हुआ है। हालांकि अगले 24 घंटे तक यह गतिविधियां जारी रहेंगी, उसके बाद बारिश पूर्वी राज्यों की ओर बढ़ेगी। उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में ठंडी हवाएं चलने से तापमान में और गिरावट आएगी और आने वाले दिनों में गर्मी से राहत बनी रहेगी।