मिडल ईस्ट में जारी तनाव के बीच DGCA ने एयरलाइंस कंपनियों को जारी किए ये निर्देश, इन 9 देशों में यात्रा से बचने की दी सलाह
नई दिल्ली। ईरान और इजराइल के बीच लगातार जंग जारी है। वहीं इस युद्ध की वजह से मिडल ईस्ट में लगातार तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच DGCA ने भारतीय एयरलाइंस कंपनियों के लिए एक महत्वपूर्ण सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। DGCA ने एयरलाइंस को 9 देशों के हवाई क्षेत्र से पूरी तरह बचने या वहां उड़ान न भरने की सलाह दी है। यह निर्देश यात्रियों की सुरक्षा और जोखिम मूल्यांकन के आधार पर जारी किया गया है।
पूरी तरह से बचने वाले 9 देश
बहरीन, ईरान, इराक, इजराइल, जॉर्डन, कुवैत, लेबनान, कतर और संयुक्त अरब अमीरात (UAE)। ओमान और सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र से उड़ान भरी जा सकती है, लेकिन इसके लिए 32,000 फीट (FL320) से ऊपर उड़ान भरना अनिवार्य किया गया है। DGCA ने एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि वे प्रभावित क्षेत्रों के लिए अपनी वैकल्पिक और आपातकालीन योजनाएं तैयार रखें।
कारण और समय सीमा
हाल ही में ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच बढ़े सैन्य तनाव और मिसाइल हमलों के कारण नागरिक उड़ानों के लिए जोखिम बढ़ गया है। यह एडवाइजरी 28 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी, हालांकि स्थिति की समीक्षा के आधार पर इसे पहले भी बदला जा सकता है।