डॉलर के मुकाबले रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचा, 19 पैसे गिरकर 93.08 पर आया

Update: 2026-03-20 06:00 GMT

नई दिल्ली। शेयर बाजार में तेजी आज देखने को मिल रही है लेकिन करेंसी मार्केट में बड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। खास बात तो ये है कि डॉलर के मुकाबले में रुपया पहली बार 93 के लेवल को पार कर गया है। उसका कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली को माना जा रहा है। रुपए में इस गिरावट की वजह से इंपोर्टेड महंगाई में इजाफा देखने को मिल सकता है। इसका मतलब है कि विदेशी सामान की कीमतों में तेजी देखने को मिल सकती है।

बिकवाली के चलते रुपये पर दबाव बना हुआ

दरअसल, इंटरबैंक फॉरेक्स मार्केट में रुपया 92.92 प्रति डॉलर पर खुला और जल्द ही गिरकर 93.08 तक पहुंच गया, जो अब तक का सबसे निचला स्तर है। यह गिरावट पिछले बंद स्तर की तुलना में 19 पैसे की कमजोरी को दर्शाती है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों के अनुसार, अमेरिकी डॉलर की मजबूती और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली के चलते रुपये पर दबाव बना हुआ है। पश्चिम एशिया में जारी तनाव ने भी बाजार की धारणा को प्रभावित किया है। फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा कि गुड़ी पड़वा के कारण गुरुवार को विदेशी मुद्रा बाजार बंद रहे।

गिरावट के ये हैं कारण

रुपये की कीमत कमजोर दिख रही है क्योंकि आरबीआई ही डॉलर बेचकर इसे और गिरने से बचा रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को एफपीआई बिकवाली कर रहे थे जब सेंसेक्स और निफ्टी 21 महीने के निचले स्तर पर गिर गए। इस बीच डॉलर सूचकांक, जो छह मुद्राओं की एक टोकरी के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.17 प्रतिशत बढ़कर 100.25 पर कारोबार कर रहा था। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड वायदा कारोबार में 1.64 प्रतिशत गिरकर 106.9 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

Tags:    

Similar News