अपनी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ में नजर आएंगे धर्मेंद्र, जानें उनकी मां क्यों चुरा लेती थी उनके कपड़े...
धर्मेंद्र ने कई बार अपने पिता केवल किशन सिंह देओल का जिक्र किया था। वहीं, धर्मेंद्र एक बार अपनी मां को याद करके भावुक हो गए थे।;
मुंबई। हिंदी सिनेमा के दिग्गज कलाकार धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया है। धर्मेंद्र ऐसे इंसान थे जिनके करीब उनके बच्चे भी रहे और उतने ही नजदीक उनके अभिवावक भी थे। वह अपने माता-पिता का बेहद सम्मान करते थे। धर्मेंद्र ने कई बार अपने पिता केवल किशन सिंह देओल का जिक्र किया था। वहीं, धर्मेंद्र एक बार अपनी मां को याद करके भावुक हो गए थे। इसकी जानकारी उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा किया था। जिस पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी थी।
मां से जुड़ा दिलचस्प किस्सा सुनाया था
सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र छाए रहते थे। वो हमेशा तस्वीरें और वडियो पोस्ट शेयर करते रहते थे। एक बार उन्होंने अपनी मां सतवंत कौर को लेकर दिलचस्प किस्सा सुनाया था कि उनकी मां उनके कपड़े चुरा लेती थीं। लेकिन, उसका उपयोग वो नेक काम में करती थीं। पूरा किस्सा सुनकर आप भी धर्मेंद्र की मां की सरहाना करेंगे।
धर्मेंद्र की मां उनके कपड़े चुराती थीं
धर्मेंद्र ने एक बार सोशल मीडिया पर मां को लेकर लिखा था कि उनकी मां उनके कपड़े अपने गांव में जरूरतमंद लोगों को दे देती थीं। उनसे उनकी मां कहा करती थी कि तू इतने कपड़ों का क्या करेगा? धर्मेंद्र ने आगे कहा था कि मैं सनी से पूछता था कि वो पैंट कहां है। सनी कहता था- बीजी ले गई। मैं जब पंजाब में कहीं जाता था तो वहां के लोग मुझे बोलते थे कि पाजी आपका कोट है। मेरी मां नेक दिल इंसान थी।
फिल्म ‘इक्कीस’ में दिखेंगे धर्मेंद्र
धर्मेंद्र ने अपने बॉलीवुड करियर की शुरुआत 60 के दशक में की थी। उनकी पहली फिल्म ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ थी। हालांकि धर्मेंद्र को सबसे पहले बड़ी पहचान मिली थी ‘फूल और पत्थर’ से। यह फिल्म साल 1966 में आई थी, जिसने उन्हें स्टार बना दिया था। धर्मेंद्र ने अपने करियर में सीता और गीता, ड्रीम गर्ल, शोले, अपने, यमला पगला दीवाना सहित 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था। उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस’ होगी जो दिसंबर में रिलीज होने वाली है। इसमें लीड रोल में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा नजर आने वाले हैं।