पुडुचेरी को PM मोदी की बड़ी सौगात! 2700 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास, विपक्ष पर कसा तंज...
पीएम मोदी ने कहा कि देशभर में उच्च गुणवत्ता के बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष के बजट में 12 लाख करोड़ रुपये इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवंटित किए गए हैं
पुडुचेरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी रविवार को पुडुचेरी को विकास की बड़ी सौगात दिया है। उन्होंने 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। पीएम ने इस अवसर पर जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस साल के केंद्रीय बजट में बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए 12 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, जिससे पुडुचेरी के नागरिकों को फायदा पहुंचेगा।
'BEST पुडुचेरी' का किया जिक्र
इस दौरान पीएम ने कहा कि उन्होंने अपने पिछले दौरे में 'BEST पुडुचेरी' का मंत्र दिया था, जिसका अर्थ है बिजनेस, एजुकेशन, स्पिरिचुअलिटी और टूरिज्म। उन्होंने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में यह विजन धरातल पर उतर रहा है और केंद्र व केंद्र शासित प्रदेश की सरकार के साझा प्रयासों से तेज विकास संभव हुआ है।
इंफ्रास्ट्रक्चर को मिलेगी मजबूती
पीएम मोदी ने कहा कि देशभर में उच्च गुणवत्ता के बुनियादी ढांचे पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इस वर्ष के बजट में 12 लाख करोड़ रुपये इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए आवंटित किए गए हैं। जिससे पुडुचेरी में बेहतर सड़कें, पेयजल आपूर्ति, तटीय ढांचा, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाओं को मजबूत । उन्होंकिया जाएगा। पीएम ने यह भी कहा कि पुडुचेरी को कैपिटल इन्वेस्टमेंट स्कीम के तहत विशेष सहायता दी गई है, जो पहले केवल राज्यों के लिए दी जाती थी।
युवा शक्ति ही देश की तरक्की की नींव
प्रधानमंत्री ने कहा कि मजबूत युवा शक्ति ही देश की तरक्की की नींव है। एनआईटी कराईकल में नए डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम इंजीनियरिंग ब्लॉक और आधुनिक अस्पताल सुविधाएं छात्रों को बेहतर तकनीकी शिक्षा देंगी। पुडुचेरी विश्वविद्यालय में भी आधारभूत ढांचे का विस्तार किया गया है।
हरित मोबिलिटी को दिया गया बढ़ावा
उन्होंने कहा कि दुनिया स्वच्छ और हरित परिवहन की ओर बढ़ रही है। पीएम ई-बस सेवा के तहत पुडुचेरी को इलेक्ट्रिक बसें मिल रही हैं, जो पर्यटन केंद्र होने के कारण प्रदूषण कम करने में अहम भूमिका निभाएंगी। साथ ही, हाउसिंग परियोजनाएं कई परिवारों को स्थायित्व और सम्मानजनक जीवन देंगी।
विपक्ष पर कसा तंज
इस दौरान पीएम ने डबल इंजन सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कांग्रेस और डीएमके पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व सरकारों के दौरान राजनीतिक अस्थिरता, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की समस्याएं थीं। पीएम मोदी ने कहा कि पुडुचेरी को विकास की राह पर आगे बढ़ाने के लिए स्थिर और पारदर्शी शासन आवश्यक है और जनता भ्रष्टाचार व अपराध के दौर में लौटना नहीं चाहेगी।