दिवाली 2025: लक्ष्मी-गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त और विधि, जानें पूजा का सही समय

इस साल लक्ष्मी-गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6 बजकर 52 मिनट से रात 8 बजकर 44 मिनट तक रहेगा।;

By :  DeskNoida
Update: 2025-10-19 21:30 GMT

इस साल दिवाली 20 अक्टूबर 2025 को मनाई जाएगी। हिंदू पंचांग के अनुसार, यह पर्व हर साल कार्तिक अमावस्या के दिन मनाया जाता है। दिवाली के दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि इस दिन शुभ मुहूर्त में पूजा करने से धन, सुख और समृद्धि की प्राप्ति होती है।

इस साल लक्ष्मी-गणेश पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 6 बजकर 52 मिनट से रात 8 बजकर 44 मिनट तक रहेगा। इस दौरान दीप जलाकर, गणेश जी की आराधना के बाद माता लक्ष्मी की पूजा करनी चाहिए। पूजा में घी या तिल के तेल के दीपक जलाना शुभ माना जाता है।

पूजा विधि में सबसे पहले घर की साफ-सफाई कर मंदिर स्थान पर एक चौकी रखें। उस पर लाल या पीले कपड़े बिछाकर गणेश और लक्ष्मी जी की मूर्तियां स्थापित करें। इसके बाद उन्हें जल, रोली, अक्षत, पुष्प और मिठाई अर्पित करें। पूजा के समय ‘ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः’ और ‘ॐ गं गणपतये नमः’ मंत्रों का जाप करना शुभ होता है।

दिवाली के दिन लक्ष्मी आरती करना भी अत्यंत शुभ माना जाता है। मान्यता है कि आरती से देवी लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं और घर में धन-धान्य की वृद्धि होती है। दिवाली की रात कमल के फूल पर दीप जलाकर लक्ष्मी जी को अर्पित करने से पूरे साल घर में बरकत बनी रहती है।

दिवाली न केवल रोशनी का त्योहार है, बल्कि यह अंधकार पर प्रकाश और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक भी है। इस दिन लोग अपने घरों को दीपों से सजाते हैं, पटाखे फोड़ते हैं और मिठाइयां बांटकर खुशियां मनाते हैं।

Similar News