मॉस्को एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक! कनिमोझी के प्रतिनिधिमंडल का विमान हवा में ही लगाता रहा चक्कर, जानें फिर क्या हुआ
मॉस्को एयरपोर्ट ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें कई घंटों के लिए निलंबित कर दी;
नई दिल्ली। ऑपरेशन सिंदूर के बाद रूस के दौरे पर गया भारतीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल मॉस्को एयरपोर्ट पर ड्रोन अटैक में बाल-बाल बचा। इस विमान में डीएमके सांसद कनिमोझी सवार थीं। ड्रोन अटैक की वजह से कई घंटे तक ये विमान मॉस्को एयरपोर्ट पर चक्कर लगाता रहा। कई घंटे की देरी की बाद और सुरक्षा स्थितियों के आकलन के बाद आखिरकार ये विमान मॉस्को एयरपोर्ट पर उतरा।
मॉस्को एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला
ऑपरेशन सिंदूर पर दुनिया के सामने भारत का पक्ष रखने के लिए भारत की ओर से 7 प्रतिनिधिमंडल अलग-अलग देशों के दौरे पर रवाना हुए हैं। डीएमके सांसद कनिमोझी के नेतृत्व में रूस दौरे पर गए प्रतिनिधिमंडल में सपा सांसद राजीव राय, आरजेडी सांसद प्रेमचंद गुप्ता, कैप्टन ब्रिजेश, अशोक कुमार मित्तल और राजदूत मंजीव सिंह पूरी शामिल हैं। यह प्रतिनिधिमंडल 22 मई को रूस के लिए रवाना हुआ था। इस दौरान खबर आई है कि कनिमोझी को ले जा रहे विमान को मॉस्को एयरपोर्ट पर उतरने में दिक्कत हुई। जानकारी के मुताबिक यूक्रेन ने कथित तौर पर रूस के मॉस्को एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला किया।
हवा में ही चक्कर लगाता रहा विमान
जिसके बाद मॉस्को एयरपोर्ट पर अफरातफरी मच गई। लैंडिंग का इंतजार कर रहे विमानों को एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति अस्थायी रूप से नहीं दी गई। मॉस्को एयरपोर्ट ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें कई घंटों के लिए निलंबित कर दी। इसके चलते सांसद कनिमोझी करुणानिधि को ले जा रहा विमान भी लैंड नहीं कर सका और हवा में ही चक्कर लगाता रहा। काफी देरी के बाद विमान सुरक्षित उतर गया।