देशभर में पढ़ी गई ईद की नमाज, राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने लोगों को दी शुभकामनाएं
राष्ट्रपति ने ईद के त्योहार पर भाईचारे और एकता का संदेश दिया है।
नई दिल्ली। देश के अलग-अलग इलाकों में रमजान के बाद शनिवार को ईद की नमाज अदा की गई। ईद को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ने लोगों को शुभकामनाएं दी। ईद की नमाज को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीम सुरक्षा में तैनात रही। सड़क पर नमाज न अदा हो इसको लेकर प्रशासन ने विशेष तैयारी की थी। नमाज के दौरान मौलानाओं ने देश की तरक्की और उन्नति के लिए दुआ मांगी। इससे पहले शुक्रवार रात चांद दिखने के बाद ईद का ऐलान हो गया था।
30 रोजों के बाद जैसे ही ईद का चांद नजर आया
रमजान के 30 रोजों के बाद जैसे ही ईद का चांद नजर आया। तभी से देशभर में रह रहे मुस्लिम लोगों में खुशी माहौल बन गया और ईद की तैयारी शुरू की। मस्जिदों से ईद का एलान हुआ और लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को बधाई दी। ईद से पहले चांद रात पर देश के अलग-अलग बाजार रोशन रहे। लोगों ने देर रात तक बाजारों में खरीदारी की।
प्रधानमंत्री ने बधाई दी
ईद के उपलक्ष में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट में लिखा कि ईद-उल-फितर की बहुत-बहुत बधाई। यह दिन आपसी भाईचारे और दया की भावना को और मजबूत करे। सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संदेश जारी करते हुए सभी नागरिकों, खासकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की बधाई दी।
दूसरों की मदद करने की सीख देता है
राष्ट्रपति मुर्मू ने अपने संदेश में कहा कि ईद का यह त्योहार हमें आत्मसंयम, सेवा और दूसरों की मदद करने की सीख देता है। उन्होंने कहा कि इस दिन हमें जरूरतमंदों और कमजोर वर्ग के लोगों के प्रति दया और सहयोग का भाव रखना चाहिए। इसके साथ ही मुर्मू ने देशवासियों से अपील की कि इस पवित्र मौके पर हम सब मिलकर समाज और देश को मजबूत बनाने का संकल्प लें।