पहले समस्याएं दूर करो फिर डालेंगे वोट... कई जगहों पर लोगों ने किया चुनाव का बहिष्कार
मधेपुरा में बूथ संख्या 92, 93, 94 पर वार्ड 11, 12 और 13 के मतदाता सड़क की समस्या को लेकर वोट बहिष्कार कर दिया है।;
पटना। बिहार में आज पहले चरण के चुनाव हो रहे हैं। जिसमें कई जगहों पर लोगों ने वोट का बहिष्कार कर दिया। बता दें कि कुसुम्ही और मधेपुरा के लोगों ने समस्याओं के चलते वोट डालने से इनकार कर दिया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपने निर्णय पर अड़े रहे।
कुसुम्ही में वोट का बहिष्कार
बता दें कि भोजपुर जिले के अगिआंव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कुसुम्ही उत्क्रमित मध्य विद्यालय स्थित बूथ संख्या 175 पर मतदान के दौरान सामने आया कि यहां ग्रामीणों ने मतदान प्रक्रिया का सर्वसम्मति से बहिष्कार कर दिया, जिसके चलते मतदान शुरू होने के कई घंटों बाद भी केवल तीन वोट ही पड़े। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से सड़क की समस्या बनी हुई है, लेकिन जनप्रतिनिधियों द्वारा आज तक कोई समाधान नहीं किया गया। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों को जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग अपने निर्णय पर अड़े रहे।
मधेपुरा में लोगों ने किया वोट बहिष्कार
जानकारी के मुताबिक मधेपुरा के बिहारीगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुरलीगंज प्रखंड के दीनापट्टी सखुआ पंचायत के तिलकोरा गांव में बूथ संख्या 92, 93, 94 पर वार्ड 11, 12 और 13 के मतदाता सड़क की समस्या को लेकर वोट बहिष्कार कर दिया है। दरअसल सुबह से बहुत कम संख्या में लोग मतदान केंद्र पर पहुंचे हैं। जिसके बाद बीडीओ और सीओ लोगों को समझाने पहुंचे हैं, लेकिन लोग लिखित आश्वासन मांग कर रहे थे। इसके बाद दोनों अधिकारी वापस लौट गए।
बोगस वोट के आरोप में दरभंगा में दो युवक गिरफ्तार
वहीं दूसरी तरफ दरभंगा के गौड़ाबौराम विधानसभा इलाके से पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर बोगस वोट करने का आरोप है। घनश्यामपुर थाना क्षेत्र लगमा गांव में 172 बूथ नंबर पर दो युवक बोगस वोटिंग कर रहे थे। मतदान कर्मियों ने दोनों की शिकायत पुलिस से की। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान केशव कुमार और सौरभ कुमार के रूप में हुई है।