Gandhi Jayanti: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि, राहुल गांधी भी राजघाट पहुंचे
गांधीजी ने विश्व को शांति, सहिष्णुता और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया;
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन, राहुल गांधी भी पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने उनकी प्रतिमा को नमन किया और पुष्प अर्पित किए।
बापू का रास्ता अपनाकर विकसित भारत का निर्माण करेंगे
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 156वीं जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्रपिता के आदर्शों ने मानव इतिहास की दिशा को बदल दिया। उन्होंने सेवा और करुणा की शक्ति में विश्वास रखा, जो लोगों को सशक्त बनाने का मूल आधार है। गांधी जयंती प्यारे बापू के असाधारण जीवन को श्रद्धांजलि अर्पित करने का दिन है, जिनके आदर्शों ने मानव इतिहास का मार्ग बदल दिया। हम उनका रास्ता अपनाकर विकसित भारत के निर्माण की ओर बढ़ेंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा गांधी के सपनों को साकार करेंगे
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, गांधी जयंती हम सभी के लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और जीवन मूल्यों के प्रति स्वयं को पुनः समर्पित करने का अवसर है। उन्होंने अपने दृढ़ संकल्प से समाज के कमजोर से कमजोर व्यक्ति को संबल और शक्ति प्रदान की। गांधीजी ने विश्व को शांति, सहिष्णुता और सत्य के मार्ग पर चलने का संदेश दिया जो संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणा स्रोत है। वह आजीवन अस्पृश्यता, निरक्षरता, नशाखोरी और अन्य सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए संघर्ष करते रहे। अपने आचरण एवं उपदेशों के माध्यम से वे सदैव श्रम की गरिमा को प्रतिष्ठित करते रहे। उनके जीवन-मूल्य आज भी प्रासंगिक हैं और भविष्य में भी बने रहेंगे।
स्वदेशी का भी आजादी की लड़ाई में बहुत बड़ा योगदान रहा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा यह पूरी दुनिया के लिए शोध और जिज्ञासा का विषय रहा है कि क्या केवल सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर ही स्वतंत्रता प्राप्त की जा सकती है। स्वदेशी का भी आजादी की लड़ाई में बहुत बड़ा योगदान रहा। भारत की आजादी की लड़ाई ने दिखाया कि सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के सहारे भी सदियों की गुलामी से आजादी मिल सकती है।
राहुल गांधी ने श्रद्धांजलि दी
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी राजघाट पर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और उन्हें श्रद्धांजलि दी। अपनी एक्स पोस्ट में राहुल गांधी ने लिखा, सत्य, अहिंसा और सौहार्द के सिद्धांतों से भारत को एकजुट करने वाले बापू के आदर्श हमें नफरत के सामने शांति, भाईचारे, सच्चाई और मानवता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते रहेंगे। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर उन्हें सादर नमन।