Ganga Dussehra 2025: अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक भव्य गंगा आरती, बड़ी संख्या में जुटेंगे श्रद्धालु
स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दक्षिण भारतीय भी यहां बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे;
काशी। इस साल भी गंगा दशहरा पर काशी के घाटों पर भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का अनुपम संगम देखने को मिलेगा। आयोजन में देव दीपावली जैसी भव्यता नजर आएगी। अस्सी से दशाश्वमेध घाट तक देव दीपावली की तरह ही भव्य गंगा आरती होगी। गंगा घाटों पर अनगिनत दीप जलाए जाएंगे।
इन घाटों पर होगी महाआरती
आज यानी गुरुवार को गंगा दशहरा पर दशाश्वमेध घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से मां गंगा की महाआरती होगी। इस आयोजन को देखने के लिए देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक घाटों पर जुटेंगे। दशाश्वमेध घाट को हजारों दीपों से सजाया जाएगा।
इसके अलावा गंगा दशहरा के पावन पर्व पर केदारघाट पर भी विशेष पूजा-अर्चना, दीपदान और गंगा महाआरती का आयोजन किया गया है। स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ-साथ दक्षिण भारतीय भी यहां बड़ी संख्या में मौजूद रहेंगे।
गंगा दशहरा महोत्सव
बता दें कि शाश्वमेध घाट पर पिछले 30 वर्ष से ज्यादा से गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा दशहरा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाता है। इस साल भी विश्व के कल्याणार्थ शाम को 11 वैदिक बटुक मां गंगा की महाआरती करेंगे। 21 रिद्धि सिद्धि स्वरूप में कन्याएं चंवर डुलाएंगी। डमरू दल के सदस्य डमरू वादन करेंगे और मां गंगा की महाआरती होगी। इस अवसर पर मां गंगा का 51 लीटर दूध से अभिषेक और मां गंगा को पियरी चढ़ाकर पूजा अर्चना होगी। साथ ही अनेक कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी।