हार्दिक पांड्या ने अपने शानदार प्रदर्शन से बुमराह-जडेजा के क्लब में मारी एंट्री! अब कोहली से एक कदम दूर
नई दिल्ली। टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया शानदार फार्म में है। वहीं दूसरे मैच में भारत ने नामीबिया को 93 रनों से मात दी। जिससे टीम का मनोबल हाई है। हालांकि अब भारत का अगला मुकाबला 15 फरवरी को पाकिस्तान से होने वाला है। वहीं टीम इंडिया की नामीबिया से जीत पर बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों सभी ने अहम भूमिका निभाई। इस जीत में टीम इंडिया के असली हीरो हार्दिक पांड्या रहे। उन्होंने इस मैच में बल्ले और गेंद दोनों से अहम भूमिका निभाई।
मैच में बल्ले से लगाया अर्धशतक
बता दें कि हार्दिक ने इस मैच में बल्ले से अर्धशतक लगाया। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 2 विकेट लिया। हार्दिक को इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। वहीं हार्दिक पांड्या ने T20I में सातवीं बार प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप में दूसरी बार प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किया। इसी के साथ उन्होंने जसप्रीत बुमराह, रवींद्र जडेजा और अमित मिश्रा जैसे खिलाड़ियों की बराबरी कर ली है। हार्दिक समेत कुल चार भारतीय खिलाड़ियों ने टी20 वर्ल्ड कप में दो-दो प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड अपने नाम किए हैं।
कोहली ने आठ बार इस अवॉर्ड पर जमाया कब्जा
टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड जीतने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम दर्ज है। उन्होंने आठ बार इस अवॉर्ड पर कब्जा जमाया। टी-20 इंटरनेशनल में नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा पचास प्लस स्कोर बनाने के मामले में संयुक्त रूप से पहले नंबर पर आ जाएंगे। उन्होंने इस पोजिशन पर आठवां पचास प्लस स्कोर बनाकर साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज डेविड मिलर की बराबरी की। उन्होंने भी नंबर 5 या उससे नीचे बल्लेबाजी करते हुए 8 बार फिफ्टी प्लस का स्कोर बनाया है। हार्दिक भारत के लिए इस वक्त सिर्फ टी20 फॉर्मेट में खेल रहे हैं। वहां उनका रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है।
मैं अपने खेल का पूरा लुत्फ उठा रहा हूं
हार्दिक ने प्लेयर ऑफ मैच अवॉर्ड जीतने के बाद कहा कि मैं अपने खेल का पूरा लुत्फ उठा रहा हूं। मैंने पिछले दो महीनों में अच्छी तैयारी की है। इस वक्त सब कुछ ठीक चल रहा है। मुझे हमेशा एक ऑलराउंडर के तौर पर अपनी बैटिंग पर गर्व रहा है। इसलिए जब भी मुझे मौका मिलता है तो मैं कोशिश करता हूं कि दोनों स्किल्स को सही तरीके से मैनेज किया जाए। बैटिंग हमेशा मेरे दिल के करीब है। हार्दिक ने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 39 गेंद में 81 रन की साझेदारी करके अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया था। हार्दिक ने 19वें ओवर में छक्के के साथ 27 गेंद में अर्धशतक पूर किया।