अमरनाथ यात्रा में भीषण सड़क हादसा, 4 बसें आपस में टकराईं कई लोग घायल, जानें अब तक कितने श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के किए दर्शन
अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन के लिए भारी बारिश के बीच आज 6,900 से ज्यादा श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ।;
नई दिल्ली। अमरनाथ यात्रा शुरू हो चुकी है। वहीं हजारों लोग बाबा बर्फानी के दर्शनों के लिए जा रहे हैं। इस बीच अमरनाथ से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। यहां यात्रा के दौरान रामबन जिले में एक बड़ा हादसा हो गया। चंद्रकोट लंगर स्थल के पास पहलगाम की तरफ रहे यात्रियों के काफिले की चार बसों में टक्कर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार इस हादसे में 36 यात्री घायल हो गए।
बस के ब्रेक फेल होने से हुआ हादसा
दरअसल, इस हादसे को लेकर अधिकारियों ने बताया कि इसके पीछे की वजह एक बस के ब्रेक फेल होना है। इसके कारण बस ने अपना कंट्रोल खो दिया, जिसके कारण पीछे आ रही अन्य बसें उससे टकरा गईं। बसों को साइड करने का समय नहीं मिला। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरीजों की हर संभव मदद करने की बात कही
बता दें कि हादसे की जानकारी मिलते ही रामबन के डीसी मोहम्मद अलयास खान, डीआईजी डीकेआर श्रीधर पाटिल, एसएसपी रामबन कुलबीर सिंह और एडीसी वरुणजीत सिंह चरक अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घायलों से मुलाकात की और डॉक्टरों को हर मरीजों की हर संभव मदद करने की बात कही। हादसे के बाद यात्रियों को उनकी आगे की यात्रा के लिए दूसरे वाहनों में ट्रांसफर किया गया।
30 हजार श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन
दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के दर्शन के लिए भारी बारिश के बीच आज 6,900 से ज्यादा श्रद्धालुओं का नया जत्था जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। दो जुलाई को यात्रा शुरू होने के बाद से अब तक करीब 30 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अमरनाथ यात्रा कड़ी सुरक्षा के बीच हो रही है। शहर में 34 आवासीय केंद्र बनाए गए हैं और श्रद्धालुओं को रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) टैग जारी किए जा रहे हैं।