जीजा-साली के झगड़े में कूदा पति… गुस्से में आकर साढू ने लोहे की रॉड से की पिटाई, तोड़ दिया हाथ-पैर की हड्डियां

पीड़ित के परिजनों ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने कहा कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था

Update: 2026-03-13 08:50 GMT

नोएडा। दिल्ली-एनसीआर के ग्रेटर नोएडा के दनकौर कोतवाली क्षेत्र के अस्तौली गांव से अजीबोगरीब खबर सामने आई है। दरअसल एक पारिवारिक मामले में एक महिला के जीजा जी ने उससे बदसलूकी की। जब महिला के पति ने इस बात का विरोध किया तो दोनों साढू के बीच कहासुनी हो गई। वहीं, बाद में साढू ने दोस्तों के साथ मिलकर महिला के पति की जमकर पिटाई कर दी। जानकारी के मुताबिक, इस हमले में युवक के दोनों पैर और एक हाथ की हड्डी टूट गई है। वहीं, घायल युवक को इलाज के लिए ग्रेटर नोएडा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मोहित के साढू और उसकी पत्नी के बीच हुई थी बहस

जानकारी के मुताबिक, दनकौर क्षेत्र के अस्तौली गांव निवासी मोहित कुछ दिन पहले अपनी पत्नी के साथ बुलंदशहर जिले के एक गांव में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। उसी समय किसी बात को लेकर मोहित के साढू और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। ऐसा आरोप है कि साढू ने मोहित की पत्नी गालियां देनी शुरू कर दी। जब मोहित ने इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। फिर अचानक साढू ने मोहित को जान से मारने की धमकी दे डाली।

पीड़ित के भाई ने पुलिस को दी सूचना

पीड़ित के भाई अभिषेक भाटी ने पुलिस शिकायत की, उसने कहा कि मोहित किसी जरूरी काम से सिकंदराबाद की ओर जा रहा था, इसी दौरान चीती गांव के पास एक कार ने उसकी बाइक को घेर लिया। आरोप के मुताबिक, कार में मोहित का साढू और उसके चार अन्य साथी सवार थे। बाइक रुकने के साथ ही सब लोग नीचे उतर गए और मोहित पर लोहे की रॉड से वार कर दिया। अचानक हुए इस हमले में मोहित खुद को संभाल नहीं पाया और आरोपियों ने उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। उन्होंने मोहित की इतनी पिटाई की कि उसके दोनों पैर और एक हाथ की हड्डियां टूट गईं। जानकारी के मुताबिक, सभी आरोपी मोहित को मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।

परिजनों ने कार्रवाई की मांग की

पीड़ित के परिजनों ने आज यानी शुक्रवार को पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों ने कहा कि यह हमला पूरी तरह से सुनियोजित था। परिजनों ने यह भी कहा कि यदि समय रहते लोगों की नजर मोहित पर नहीं पड़ती, तो उसकी जान भी जा सकती थी। इस पूरे घटना को लेकर दनकौर कोतवाली प्रभारी ने कहा कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।


Tags:    

Similar News