तारिक रहमान से बात करके मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई...बांग्लादेश में BNP की जीत पर पीएम मोदी ने की रहमान से बात
नई दिल्ली। बांग्लादेश में हुए आम चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सुनामी देखने को मिली है। BNP और उसके सहयोगियों ने चुनाव में 299 सीटों मे से 213 सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान समर्थित कट्टरपंथी जमात के ज्यादातर कैंडिडेट की जमानत जब्त हो गई है। शफीकुर रहमान की जमात-ए-इस्लामी पार्टी सिर्फ 68 सीटों पर ही जीत दर्ज कर पाई है।
BNP की जीत भारत के लिए भी राहत की खबर
वहीं छात्रों के आंदोलन के बाद उपजी नेशनलिस्ट सिटीजन पार्टी यानी NCP 6 सीटों पर सिमट गई है। चुनाव परिणाम के बाद पूर्व पीएम खालिदा जिया के बेटे तारिक रहमान का अगला पीएम बनना पक्का हो गया है। चुनाव में BNP की जीत भारत के लिए भी राहत की खबर है। अब भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीक रहमान से बात की है।
दोनों नेताओं में क्या बात हुई?
पीएम नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि तारिक रहमान से बात करके मुझे अत्यंत प्रसन्नता हुई। मैंने उन्हें बांग्लादेश चुनावों में उनकी शानदार जीत पर बधाई दी। मैंने बांग्लादेश की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के उनके प्रयासों में अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया। गहरे ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों वाले दो निकट पड़ोसी देशों के रूप में, मैंने दोनों देशों की जनता की शांति, प्रगति और समृद्धि के प्रति भारत की निरंतर प्रतिबद्धता को दोहराया।