'भारत रूस की वॉशिंग मशीन...', डोनाल्ड ट्रंप के भारत विरोधी सलाहकार ने उगला जहर, टैरिफ को बताया सही
ट्रंप ने चीन और पाकिस्तान को काफी राहत दी है। जबकि चीन खुद रूस से तेल खरीदता है।;
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच रिश्ते में दरार आती हुई नजर आ रही है। ऐसे में डोनाल्ड ट्रंप के भारत विरोधी सलाहकार पीटर नवारो ने फिर जहर उगला है। वाइट हाउस के ट्रेड सलाहकार पीटर नवारो ने भारत के रूस से तेल लेने की जरूरत को बकवास बताया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया है। इस मामले को लेकर ट्रंप के सलाहकार पीटर नवारो ने प्रतिक्रिया देते हुए ट्रंप के फैसले को सही करार दिया है।
यूक्रेन के साथ हो रहे युद्ध को बढ़ावा दे रहा भारत...
पीटर नवारो ने दावा करते हुए कहा कि भारत को असल में तेल की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ''रूस-यूक्रेन युद्ध से पहले भारत रूस से तेल नहीं खरीदता था, लेकिन अब खरीदने लगा है। वह यूक्रेन के साथ हो रहे युद्ध को बढ़ावा दे रहा है।'' साथ ही पीटर नवारो ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को सही भी ठहराया है।
रूस के लिए भारत वॉशिंग मशीन के तरह कर रहा काम- नवारो
पीटर नवारो ने भारत के खिलाफ बोलते हुए उसे रूस की वॉशिंग मशीन कह दिया। उन्होंने कहा, ''फरवरी 2022 से पहले भारत रूसी तेल न के बराबर खरीदता था। वह पहले महज 1 प्रतिशत तेल खरीदता था। अब यह 35 प्रतिशत हो गया है। भारत, क्रेमलिन (रूस) के लिए वॉशिंग मशीन का काम कर रहा है। वह उससे तेल खरीदने के बाद रिफाइन करता है और फिर ज्यादा मुनाफा कमाकर बेचता है।''
ट्रंप ने टैरिफ में चीन को राहत
जानकारी के मुताबिक रूस से कच्चा तेल खरीदने की वजह से अमेरिका ने भारत पर 50 प्रतिशत अतिरिक्त टैरिफ लगाया है। 25 प्रतिशत लागू किया जा चुका है जबकि 25 प्रतिशत 27 अगस्त से लागू होगा। वहीं ट्रंप ने चीन और पाकिस्तान को काफी राहत दी है। जबकि चीन खुद रूस से तेल खरीदता है। जिससे कई अहम सवाल उठते है।