इजरायल अटैक में मारे गए ईरान के दो सबसे बड़े मिलिट्री कमांडर, ईरानी एयरस्पेस बंद, लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई लौटी

दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा कि एयरपोर्ट पर हवाई यात्राएं जारी हैं। हालांकि, इजरायल हमले के चलते कुछ उड़ाने प्रभावित जरूर हुई हैं;

By :  Divyanshi
Update: 2025-06-13 06:42 GMT

नई दिल्ली। इजरायल ने ईरान के परमाणु और सैन्य ठिकानों पर हमला कर दिया है। इस हमले में ईरान को तगड़ा झटका लगा है। इजरायली अटैक में ईरानी सेना के दो बड़े मिलिट्री ऑफिसर मारे गए हैं। हमले में ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ मेजर जनरल हुसैन बघेरी भी मारे गए हैं। इसके अलावा ईरान को दूसरा बड़ा नुकसान रिवॉल्यूशनरी गार्ड्स के चीफ कमांडर हुसैन सलामी की मौत के रूप में हुआ है।

एयर इंडिया की फ्लाइट मुंबई लौटी

बता दें कि इजरायल हमले के बाद ईरान ने अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। इसके चलते कई उड़ानें प्रभावित हुई हैं। भारत की तरफ से जाने वाली कई उड़ानों को वापस बुलाया गया। कल अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गई। उसके बाद आज सुबह 5 बजकर 20 मिनट पर मुंबई से लंदन के लिए उड़ा विमान भी कुछ देर बाद वापास लौट आया। इसकी वजह ईरान पर इजरायल का हमला बताया जा रहा है। ईरानी हवाई क्षेत्र बंद होने से एयर इंडिया की फ्लाइट AIC129, जिसने आज सुबह 5 बजकर 39 मिनट पर मुंबई से लंदन के लिए उड़ान भरी थी, वापस मुंबई लौट गई है।

दिल्ली एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दरअसल, ईरान पर इजरायल के हमले के बाद ईरान का एयर स्पेस बंद कर दिया गया है। इस वजह से उस रूट से जाने वाली सभी फ्लाइट या तो डाइवर्ट हो रही है, या फिर उन्हें अपने टेक ऑफ ओरिजन तक लौटना पड़ रहा है। इस बीच दिल्ली एयरपोर्ट ने एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली एयरपोर्ट ने कहा कि दिल्ली एयरपोर्ट के संचालन पर फिलहाल कोई असर नहीं है। दिल्ली एयरपोर्ट पर हवाई यात्राएं जारी हैं। हालांकि, इजरायल हमले के चलते कुछ उड़ाने प्रभावित जरूर हुई हैं।

Tags:    

Similar News