Kolkata Gang Rape: जांच के लिए भाजपा ने बनाई कमेटी तो SIT भी गठित, बीजेपी बंगाल अध्यक्ष हिरासत में
साउथ कोलकाता स्थित एक लॉ कॉलेज के कैंपस में फर्स्ट ईयर की छात्रा के साथ 25 जून को गैंगरेप हुआ था। इस केस में अब तक मुख्य आरोपी समेत कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है।;
नई दिल्ली। साउथ कोलकाता स्थित लॉ कॉलेज कैंपस में गैंगरेप की घटना को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी बनाई है। इस कमेटी बनने के बाद कोलकाता पुलिस में भी 5 सदस्यीय स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम SIT का गठन किया है। इस बीच इस घटना को लेकर भाजपा ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल के भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
बवाल मचने पर SIT का गठन
साउथ कोलकाता स्थित एक लॉ कॉलेज के कैंपस में फर्स्ट ईयर की छात्रा के साथ 25 जून को गैंगरेप हुआ था। इस केस में अब तक मुख्य आरोपी समेत कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। जिसमें कॉलेज का एक गार्ड भी शामिल है। इस बीच इस घटना में बवाल मचने और सियासी उबाल को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने एसीपी प्रदीप कुमार घोषाल की देखरेख में पांच सदस्यीय SIT का गठन किया है।
और गिरफ्तारियां की संभावना से इनकार नहीं
पुलिस ने मामले की जांच जारी रहने के दौरान और गिरफ्तारियां की संभावना से इनकार नहीं किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान कॉलेज का गार्ड पिनाकी बैनर्जी कैंपस में मौजूद था लेकिन दुष्कर्म के दौरान उसने कोई हस्तक्षेप या बीच बचाव नहीं किया। इस कारण से उसे गिरफ्तार किया गया है।
घटना की जांच के लिए भाजपा ने बनाई समिति
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने कहा कि यह घटना राजनीति से प्रेरित है। इस घटना का मुख्य आरोपी टीएमसी से जुड़ा है। उन्होंने बताया कि भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने घटना की जांच के लिए एक समिति गठित की है। यह समिति घटनास्थल का अवलोकन करने के साथ पूरी जांच भी करेगी। इस समिति के सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल सिंह, मीनाक्षी लेखी, सांसद बिप्लव देव और मनन मिश्रा शामिल हैं जल्द ही समिति अपनी रिपोर्ट भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।
बंगाल भाजपा अध्यक्ष ने ममता सरकार पर बोला हमला
इस घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। प्रदर्शन के दौरान सुकांत मजूमदार ने कहा कि ममता बनर्जी ने राज्य में लोकतंत्र को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। पुलिस ने हमारे समित कई भाजपा कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। ममता सरकार अपराधियों का बचाव कर रही है।