नई दिल्ली। विपक्षी सांसदों के भारी शोर-शराबे और हंगामे के कारण लोकसभा की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई है। विपक्षी सदस्य विभिन्न मुद्दों पर नारेबाजी कर रहे थे, जिसके बाद स्पीकर ओम बिरला ने सदन को स्थगित करने का फैसला लिया। वहीं राज्यसभा में भी विपक्षी सदस्यों द्वारा भारी हंगामा किया जा रहा है।
खरगे ने राज्यसभा में लोकसभा का मुद्दा उठाया
लोकसभा के बाद राज्यसभा में भी हंगामा देखने को मिला। सदन के नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को न बोलने दिए जाने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे अहम मसले पर चर्चा का मुद्दा उठाया। इस पर सभापति सीपी राधाकृष्णन और सदन के नेता जेपी नड्डा ने कहा कि लोकसभा की कार्यवाही के मुद्दे पर राज्यसभा में चर्चा नहीं की जा सकती। अगर खरगे चाहते हैं कि लोकसभा में सुचारू रूप से चर्चा हो, तो उन्हें राहुल गांधी और अपने दल के नेताओं से बात करनी चाहिए।