खून के रिश्ते पर भारी पड़ा प्यार: बहन ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर भाई के हत्या की रची साजिश, जानें पूरा मामला...

पुलिस मृतक अंकित की बहन अलका और उसके प्रेमी पवन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

By :  Aryan
Update: 2026-04-05 09:30 GMT

मेरठ। मेरठ के दौराला कस्बे में शराब से हुई तीन लोगों की मौत के मामले ने अब सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। दरअसल पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह सिर्फ शराब का मामला नहीं, बल्कि सुनियोजित साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस मृतक अंकित की बहन अलका और उसके प्रेमी पवन को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पूछताछ के दौरान अलका का व्यवहार शुरू से ही संदिग्ध था। वह बार-बार अपने बयान बदल रही थी। पहले उसने खुद को पूरी तरह अनजान बताया और रोने-बिलखने का नाटक कर इसे सामान्य हादसा साबित करने की पूरी कोशिश की। जब पुलिस ने कड़ाई से शराब के स्रोत और घर की परिस्थितियों पर सवाल किए तो वह हर बार नई कहानी सुनाने लगी। उसके बयानों में तालमेल न होने के कारण पुलिस का शक उस पर गहराता चला गया।

दोनों का चल रहा था प्रेम प्रसंग

जानकारी के अनुसार, अलका पुत्री जगपाल का दौराला निवासी पवन के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस रिश्ते में सबसे बड़ी बाधा उसका भाई अंकित ही था, जो दोनों के मिलने-जुलने का लगातार विरोध करता था। इसी कारण दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची।

बहन ने भाई के शराब में मिलाया जहर

आरोप के मुताबिक अलका ने घर में रखी शराब में जहर मिला दिया। योजना यह थी कि अंकित अकेले शराब पीकर मर जाएगा और मामला शराब से मौत मान लिया जाएगा। लेकिन घटनाक्रम ने मोड़ ले लिया। अंकित शराब लेकर स्पेलर पर पहुंचा, जहां बाबूराम प्रजापति और जितेंद्र ने भी उसके साथ शराब पी ली। जहरीले पदार्थ का असर इतना घातक था कि तीनों की एक-एक कर मौत हो गई। अब पुलिस जांच में जुटी है कि आखिर जहर कहां से आया और इसे कैसे लाया गया।

Tags:    

Similar News