महाराष्ट्र निकाय चुनाव में 41 फीसद मतदान हुआ, कल आएगा नतीजा...
पुणे नगर निगम चुनाव की वोटिंग शुरू होते ही कुछ जगहों पर EVM मशीनों में तकनीकी खराबी की खबर आई।
मुंबई। आज महाराष्ट्र में 29 नगर निकायों के चुनाव हो रहे हैं। इस सियासी जंग में मुंबई की बीएमसी मुख्य बिंदु बनी हुई है। इस मुकाबले में बीजेपी के नेतृत्व वाली महायुति और उद्धव–राज ठाकरे के गठबंधन के बीच कड़ी टक्कर देखी जा रही है। निकाय चुनाव में अब तक 41 प्रतिशत के करीब मतदान हुआ है। वहीं, चुनाव के दौरान वोट डालने के बाद स्याही के मामले ने तूल पकड़ लिया। कल यानी शुक्रवार को मतगणना होगी और शाम तक नतीजे आने की संभावना है। मतदान अभी भी जारी है और शाम 5.30 बजे तक वोट डाले जाएंगे।
वोटिंग के बाद उंगली से स्याही मिटने के वीडियो की होगी जांच
महाराष्ट्र में नगर निगम चुनाव के दौरान वोट डालने के बाद उंगली पर लगी स्याही के आसानी से मिट जाने के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। महाराष्ट्र के राज्य निर्वाचन आयुक्त ने जानकारी दी कि इन वायरल वीडियो की जांच की जा रही है। चुनाव आयोग मामले की पूरी पड़ताल करेगा और यदि कोई गड़बड़ी पाई गई तो जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
पुणे नगर निगम चुनाव के वक्त EVM में आई तकनीकी खराबी
पुणे नगर निगम चुनाव की वोटिंग शुरू होते ही कुछ जगहों पर EVM मशीनों में तकनीकी खराबी की खबर आई। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि जहां भी मशीनों में समस्या आई, वहां नियम के अनुसार तुरंत नई मशीनें लगाई गईं। बता दें कि पुणे नगर निगम में कुल 41 वार्ड हैं और 165 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं।