मस्जिद बनाने वाले पर ममता की मार! विधायक हुमायूं कबीर को पार्टी से निकाला, अब अपमान का बदला यह होगा...
हुमायूं ने निलंबन के बाद कथित तौर पर एक नई पार्टी बनाने की धमकी दी है।;
कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के विधायक हुमायूं कबीर ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में बाबरी मस्जिद बनाने का एलान किया था। इनके इस फैसले को लेकर TMC ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई उनके विवादित बयानों और पार्टी की चेतावनी के बावजूद अपनी योजना पर अड़े रहने के बाद की गई है।
प्रशासन को दी थी धमकी
बता दें कि हुमायूं कबीर ने 6 दिसंबर (बाबरी ढांचा विध्वंस की बरसी) को मुर्शिदाबाद में नई मस्जिद की नींव रखने का ऐलान किया था। उन्होंने यह भी चेतावनी दी थी कि अगर प्रशासन ने उनकी योजना में हस्तक्षेप किया, तो 6 दिसंबर को राष्ट्रीय राजमार्ग-34 (NH-34) पर मुसलमानों का नियंत्रण होगा, जिसे "हाईवे हाईजैक" की धमकी के रूप में देखा गया।
ममता बनर्जी बयान से थी नाराज
टीएमसी ने उनके बयानों से खुद को अलग कर लिया था और उन्हें पहले भी कई बार चेतावनी दी गई थी। कोलकाता के मेयर फिरहाद हकीम ने निलंबन की पुष्टि करते हुए कहा कि कबीर भाजपा की मदद से मामले को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे थे। सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी इस मुद्दे पर कबीर के रुख से नाराज थीं, जिसके बाद यह सख्त कदम उठाया गया।
अलग पार्टी बनाने की दी धमकी
जानकारी के मुताबिक हुमायूं ने निलंबन के बाद कथित तौर पर एक नई पार्टी बनाने की धमकी दी है। हुमायूं ने कहा कि आज मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुर्शिदाबाद में रैली व सभा करने वाली हैं। मुझे बुलाकर अपमानित किया गया है। इसके पीछे साजिश है। मैं बाबरी मस्जिद बना कर रहूंगा। कल पार्टी से इस्तीफा दे दूंगा। इसके अलावा 22 को नई पार्टी के गठन की घोषणा करूंगा। राज्य के 122 सीटों पर मेरी पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी।